Haryana ‘Work Slip Scam’ Probe May Expose

हरियाणा में ‘वर्क स्लिप घोटाला’ उजागर होने की कगार पर, कई IAS-HCS अधिकारियों पर गिर सकती है कार्रवाई की गाज

undefined

Haryana ‘Work Slip Scam’ Probe May Expose

Haryana में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बहुचर्चित वर्क स्लिप घोटाले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आज सरकार को सौंपी जा सकती है। सूत्रों के अनुसार इस रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं, जिससे प्रशासनिक तंत्र में हलचल मच गई है।

माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कई आईएएस (IAS), एचसीएस (HCS) और विभागीय तकनीकी अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

यह घोटाला मुख्य रूप से नगर निगमों, नगर परिषदों और विकास विभागों में किए गए निर्माण कार्यों से जुड़ा बताया जा रहा है। नियमों के अनुसार सरकारी कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया अनिवार्य होती है, लेकिन इस मामले में ‘वर्क स्लिप’ के माध्यम से नियमों को दरकिनार किया गया।

जांच में सामने आया है कि करोड़ों रुपये के निर्माण कार्यों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर ‘वर्क स्लिप’ के जरिए पसंदीदा ठेकेदारों को दे दिया गया, ताकि टेंडर प्रक्रिया से बचा जा सके। कई मामलों में काम केवल कागजों में ही पूरा दिखाया गया और भुगतान भी जारी कर दिया गया, जबकि जमीनी स्तर पर काम शुरू तक नहीं हुआ।

सूत्रों के मुताबिक, इस घोटाले की जांच का दायरा केवल क्लर्कों या जूनियर इंजीनियरों तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर आयुक्तों, कार्यकारी अभियंताओं और कुछ सेवानिवृत्त अधिकारियों तक भी पहुंच चुका है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) इस पूरे मामले की निगरानी कर रहा है।