हरियाणा का जवान, किसान, पहलवान धाकड़, खिलाड़ी भी रहेंगे धाकड़:मनोहरलाल

हरियाणा का जवान, किसान, पहलवान धाकड़, खिलाड़ी भी रहेंगे धाकड़:मनोहरलाल

हरियाणा का जवान

हरियाणा का जवान, किसान, पहलवान धाकड़, खिलाड़ी भी रहेंगे धाकड़:मनोहरलाल

खेलो इंडिया में कुल 1866 पदकों के लिए भिड़ेंगे खिलाड़ी

पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होने जा रहा खेलों का 4 जून को शुभारंभ, 13 जून तक चलेगा आयोजन

चंडीगढ़, 2 जून (साजन शर्मा)

हरियाणा में 4 जून से 13 जून तक आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया गेम्स में मस्कट का नाम धाकड़ रखा गया है। जैसे हरियाणा का जवान, किसान और पहलवान धाकड़ है, ठीक उसी तरह हरियाणा के खिलाडिय़ों का भी इन खेलों में धाकड़ प्रदर्शन रहेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन को लेकर वीरवार को हरियाणा भवन में पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि इस खेल उत्सव में खिलाड़ी कुल 545 स्वर्ण, 545 रजत और 776 कांस्य पदक के लिए अपना जोहर दिखाएंगे। इन खेलों में देश भर के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 8,500 खिलाड़ी, कोच और सहयोगी स्टाफ भाग लेंगे। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इस बार हरियाणा के खिलाड़ी अधिक से अधिक पदक जीतकर इन खेलों में प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे। पिछली बार हरियाणा दूसरे नंबर पर आया था। मनोहर लाल ने कहा कि खेलो इंडिया के इतिहास में पहली बार राज्य में मशाल रिले का आयोजन किया गया है। बीते एक माह से इन खेलों के तीन शुभंकर राज्य में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं । इन्हें राहगिरी वाहन के माध्यम से पूरे प्रदेश में घुमाया जा रहा है । प्रतियोगिता में पहली बार पांच पारंपरिक खेलों जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन को भी शामिल किया गया है।

हरियाणा का जवान, किसान, पहलवान धाकड़, खिलाड़ी भी रहेंगे धाकड़:मनोहरलाल

पांच जगहों पर होंगे 25 खेल

उन्होंने कहा कि 25 प्रकार के खेल पंचकूला, अंबाला, शाहबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे। ताऊ देवी लाल खेल परिसर, पंचकूला इन खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य आयोजन स्थल होगा। आयोजन स्थल में लगभग 7,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। तीरंदाजी और फुटबॉल प्रतियोगिताएं पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में आयोजित की जाएंगी। तैराकी और जिम्नास्टिक खेल अंबाला में आयोजित किए जाएंगे। हॉकी शाहाबाद में और साइकिलिंग व निशानेबाजी प्रतियोगिताएं दिल्ली में होंगी।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन

उन्होंने कहा कि इन खेलों पर कुल 250 करोड़ रुपये का खर्च किया जा रहा है। इसमें से 139 करोड़ की राशि इनफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर लगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 4 जून को शाम साढ़े सात बजे इस भव्य खेल महोत्सव की ओपनिंग सेरेमनी में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। गर्मी को देखते हुए सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन केवल सुबह और शाम को किया जाएगा। राज्य सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से इन खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान अत्याधुनिक सुविधाओं व व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मेजबानी को खिलाड़ी और दर्शक लंबे समय तक याद रखेंगे। खिलाडिय़ों के ठहरने की व्यवस्था 3 सितारा होटलों में की गई है। उन्हें उच्च गुणवत्ता वाला पौष्टिक भोजन परोसा जाएगा। होटल से कार्यक्रम स्थल तक उनकी सुरक्षित यात्रा के लिए  वाहनों की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। मनोहर लाल ने कहा कि खेल के मैदान, प्रतियोगिता कार्यक्रमों और अन्य आवश्यक जानकारी से अवगत करवाने के लिए आयोजन स्थल पर साइनबोर्ड, विज्ञापन, गाइड मैप आदि लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्थल पर डॉक्टरों, नर्सों, फिजियोथेरेपिस्ट और एंबुलेंस की एक टीम की व्यवस्था की गई है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस रिहेबीलिटेशन सेंटर बनाया गया है जो उत्तर भारत में अपनी तरह का अनोखा सेंटर है। खिलाडिय़ों को चोट से जल्द से जल्द उबारने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।

इनफ्रास्ट्रक्चर पर करोड़ों खर्च

मुख्यमंत्री ने बताया कि ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, पंचकूला में 9.95 करोड़ रुपये की लागत से ए-स्टार वैज्ञानिक प्रशिक्षण और पुनर्वास केंद्र का निर्माण, 3.02 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक वार्म-अप एथलेटिक्स ट्रैक, एलिवेटेड ट्रैक और सैंड ट्रैक का निर्माण,  20.44 करोड़ रुपये की लागत से हॉकी एस्ट्रोटर्फ व पैवेलियन का निर्माण, 27.87 करोड़ रुपये लागत से बास्केटबाल बहुउद्देशीय एवं वॉलीबॉल बहुउद्देशीय हाल का निर्माण, 4.95 करोड़ रुपये की लागत से बॉक्सिंग हॉल का निर्माण किया गया है। इसके अलावा, ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के नवीनीकरण पर 15.23 करोड़ रुपये, बैडमिंटन हॉल के नवीनीकरण पर 1.60 करोड़ रुपये तथा ताऊ देवी लाल खेल परिसर की आवश्यक मरम्मत के लिए 2.25 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। इसी तरह शाहाबाद हॉकी स्टेडियम के नवीनीकरण और अन्य आवश्यक कार्यों पर 12.37 करोड़ रुपये की राशि तथा अंबाला के वॉर हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में 38.68 करोड़ रुपये की लागत से ऑल वेदर स्वीमिंग पूल का निर्माण और 2.55 करोड़ रुपये की लागत से जिमनास्टिक हॉल का नवीनीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम मिशन को आगे ले जाने की कोशिश है। हरियाणा को खेलो इंडिया की मेजबानी दी गई, इसके लिए वह प्रधानमंत्री व केंद्रीय युवा मामले एवं खेल के मंत्री अनुराग ठाकुर को धन्यवाद देते हैं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि खेलों के आयोजन की भी ऐसी मिसाल हरियाणा प्रस्तुत करेगा जिससे दूसरे राज्य प्रेरित होंगे। इस मौके पर खेल एवं युवा मामले विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव महावीर सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार योगेंद्र चौधरी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री की अतिरिक्त प्रधान सचिव श्रीमती आशिमा बराड़, खेल विभाग के निदेशक पंकज नैन भी मौजूद रहे।