हरियाणा राज्यसभा चुनाव आज: विधानसभा में वोटिंग, शाम तक नतीजे
- By Gaurav --
- Monday, 16 Mar, 2026
Haryana Rajya Sabha elections today: Voting in the assembly, results by evening
हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए सोमवार को मतदान होगा और शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। वोटिंग सुबह 9 बजे से हरियाणा विधानसभा परिसर में शुरू होगी, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने संजय भाटिया को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से कर्मवीर बौद्ध मैदान में हैं। वहीं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन किया है।
राज्यसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। क्रॉस वोटिंग के खतरे को देखते हुए कांग्रेस ने अपने विधायकों को हिमाचल प्रदेश में शिफ्ट कर दिया था। रविवार दोपहर बाद उन्हें कुफरी से कसौली ले जाया गया, जहां से वे सीधे चंडीगढ़ पहुंचेंगे।
कांग्रेस आलाकमान ने विधायकों को सख्त संदेश दिया है कि अगर किसी विधायक की वोट तकनीकी कारणों से रद्द होती है या क्रॉस वोटिंग होती है तो इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा। ऐसी स्थिति में संबंधित नेताओं के खिलाफ “ऑपरेशन क्लीन” के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
वहीं भाजपा ने भी अपने सभी विधायकों को चंडीगढ़ में ही रखा है। पार्टी ने क्रॉस वोटिंग से बचने और वोटिंग प्रक्रिया को समझाने के लिए विधायकों को दो दिन की विशेष ट्रेनिंग दी है। मतदान के दिन सभी विधायक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ विधानसभा पहुंचेंगे।
उधर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के दो विधायक हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इनेलो इस चुनाव में वोटिंग का बहिष्कार कर सकती है।
निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को तीन निर्दलीय विधायकों – देवेंद्र कादियान, सावित्री जिंदल और राजेश जून का समर्थन बताया जा रहा है। नांदल का दावा है कि उनके संपर्क में कांग्रेस के कई विधायक भी हैं, जिससे चुनाव को लेकर सियासी माहौल और गर्म हो गया है।