हरियाणा में 9 नायब तहसीलदार बने तहसीलदार, सरकार ने जारी किए आदेश
- By Gaurav --
- Friday, 29 May, 2026
Haryana Promotes 9 Naib
हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 9 नायब तहसीलदारों को पदोन्नत करते हुए तहसीलदार नियुक्त करने के आदेश जारी किए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अशोक कुमार को 12 अगस्त 2025 से नोटनल आधार पर तहसीलदार पद पर पदोन्नति दी गई है। उन्हें यह लाभ उस तारीख से मिलेगा, जब उनके जूनियर अधिकारी को तहसीलदार बनाया गया था। हालांकि वेतनमान का वास्तविक लाभ तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
इसके अलावा अभिनव, रोहित कौशिक, शेली मलिक, दीपक, जतिंद्र गिल, प्रतीक, सौरभ शर्मा और अस्तित्व प्रशार को भी तत्काल प्रभाव से तहसीलदार पद पर पदोन्नत किया गया है। सभी अधिकारियों को पे मैट्रिक्स के लेवल-9 के तहत वेतनमान दिया जाएगा। विभाग द्वारा इन अधिकारियों को जल्द ही स्टेशन आवंटित किए जाएंगे।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये पदोन्नतियां फिलहाल अस्थायी आधार पर होंगी और संबंधित अधिकारियों को एक वर्ष का प्रोबेशन पीरियड पूरा करना होगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि किसी अधिकारी की लंबित एसीआर में प्रतिकूल टिप्पणी सामने आती है तो उसे वापस नायब तहसीलदार पद पर भेजा जा सकता है।
इसके साथ ही सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी पदोन्नतियां दिव्यांगजन के लिए लागू क्षैतिज आरक्षण नीति और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए लागू क्रीमी लेयर नीति के अधीन रहेंगी। इस फैसले को राजस्व विभाग में प्रशासनिक मजबूती और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।