हरियाणा में ‘सिटीजन हेल्पडेस्क’ शुरू, राजस्व सेवाओं की शिकायतों का होगा समयबद्ध समाधान
- By Gaurav --
- Friday, 17 Apr, 2026
Haryana Launches Citizen Helpdesk
हरियाणा सरकार के राजस्व विभाग ने रजिस्ट्रेशन और अन्य राजस्व सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ‘सिटीजन हेल्पडेस्क’ शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य सेवाओं में देरी को खत्म करना, पारदर्शिता बढ़ाना और अनियमितताओं पर रोक लगाना है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तीय आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर शुरू किया गया यह हेल्पडेस्क एक ‘सिंगल-विंडो’ प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। यहां नागरिक तहसीलों में टोकन मंजूरी में देरी, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की तकनीकी समस्याएं, पेपरलेस रजिस्ट्रेशन से जुड़ी दिक्कतें, भ्रष्टाचार या अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न जैसी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि नागरिक दो माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं—लैंडलाइन नंबर 0172-271-1693 पर कॉल करके या [email protected] पर ईमेल भेजकर। हेल्पडेस्क सोमवार से शुक्रवार, सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक कार्यरत रहेगा।
शिकायत दर्ज होने के बाद आवेदक को एक यूनिक शिकायत नंबर दिया जाएगा, जिससे वह अपनी शिकायत की स्थिति को रियल-टाइम में ट्रैक कर सकेगा। इससे नागरिकों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी।