हरियाणा की डायरी: गब्बर और उनका काला चश्मा

हरियाणा की डायरी: गब्बर और उनका काला चश्मा

Haryana Diary

Haryana Diary

हरियाणा की डायरी
सचित्र/संपादकीय पृष्ठ हेतु

प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी
वरिष्ठ स्वतंत्र, पत्रकार

गब्बर और उनका काला चश्मा
हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के दायित्व ग्रहण समारोह में संगठनात्मक एकजुटता और राजनीतिक संकेतों की स्पष्ट झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री अनिल विज को विशेष सम्मान देते हुए मंच पर अपने साथ स्थान देकर राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।इस समारोह में गबर और उनका काला चश्मा छाया रहा।कार्यक्रम स्थल पर जैसे ही अनिल विज पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विज अपनी निर्धारित सीट की ओर बढ़ रहे थे, तभी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें मंच पर आने का संकेत दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं उनके लिए मंच पर सम्मानजनक स्थान सुनिश्चित किया। इस घटनाक्रम को उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशेष महत्व के साथ देखा।
अनिल विज के मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने "गब्बर इज़ बैक" के जोरदार नारे लगाने शुरू कर दिए। नारेबाजी से पूरा सभास्थल गूंज उठा और कार्यक्रम का माहौल उत्साह से भर गया। कार्यकर्ताओं के बीच विज के प्रति समर्थन और लोकप्रियता का यह प्रदर्शन चर्चा का प्रमुख विषय बना रहा।
।।।।।।

          पत्नी कांग्रेसी,पति भाजपाई
मुख्यमंत्री नायब सैनी यमुनानगर के व्यासपुर पहुंचे तो साढ़ौरा से कांग्रेस की निलंबित विधायक रेणू बाला के पति ऋषिपाल को बीजेपी का पटका पहनाया । उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाकर रेणू बाला को सस्पेंड किया था ।ऋषिपाल इंजीनियर के साथ हजारों की तादाद में लोगों ने  बीजेपी का पटका पहना। राजनैतिक रूप से यह मिलन एक नए गठजोड़ के रूप में देखा जा रहा हैं।ऋषि व इनकी पत्नी की गिनती किसी जमाने में कट्टर शैलेजा समर्थकों में होती रही है।पत्नी पत्नी कांग्रेसी,पति भाजपाई हो चुके हैं।रेणु बाला को कांग्रेस ने नोटिस भी जारी कर रखा है।कांग्रेस के जिन पांच विधायकों ने क्रास वोटिंग की उनमें रेणु का नाम भी चर्चा में है।जबकि यह सदैव क्रास वोटिंग से इनकार करती रही हैं।
।।।।
 
बेदी का विपक्ष पर निशाना
            हरियाणा के केबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी कहते हैं कि विपक्ष हमारी तारीफ करने के लिए नहीं बना। मैं विश्वास दिलाता हूं कि पिछले 12 साल से हमने सभी क्षेत्रों में बेहतरीन काम किए हैं। देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। हमारी सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, हमने पूर्व सैनिकों को ओल्ड पेंशन स्कीम दी है, हर घर शौचालय बनाए हैं, करोड़ों लोगों को घर बैठे अनाज दिया है, वैक्सीनेशन के माध्यम से हमने 108 देश को कोरोना टाइम के दौरान सेवा भाव से दवाइयां बिल्कुल मुफ्त दी हैं, हमने सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया है, वंदे भारत जैसी ट्रेन दी है, जब हमें सत्ता मिली तो उस समय देश में केवल 70 एयरपोर्ट एक्टीवेट थे, आज 180 वर्किंग में है। हमने ट्रेनों की स्थितियां बहुत सुधारी हैं, हमने पहाड़ी क्षेत्रों में अटल टनल जैसे टनल बनाए हैं, पर्यावरण जल संरक्षण पर हमने काम किया है, किसानों को फसल बीमा जैसे लाभ दिए हैं, हमारे समय में किसानो की स्थिति सुधरी हैं, हमने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर काम किया है, उज्जवला योजना के तहत हमने प्रदेश की सभी बहनों को फ्री गैस कनेक्शन दिए हैं, जिन 13000 गांव में आज तक बिजली नहीं पहुंची थी उन बिजली रहित गांव में हमने बिजली पहुंचाई है। हर खेत को हमने पानी दिया है, हमने हर क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है। हमने भारत को विश्व की चौथी महाशक्ति बनाया है। हम हर विपरीत परिस्थिति में बेहतरीन काम करते हैं। इसीलिए बार-बार जनता हमारे ऊपर विश्वास करती है। कांग्रेस पार्टी के लोग आरोप लगाने से महान नहीं बन जाएंगे, उनकी गिनती उच्च कोटि के नेताओं में नहीं होगी, वह कुछ बातें कहकर केवल टाइम पास कर रहे हैं। 
।।  

नायब के करीबी तरुण भंडारी 
पंजाब में भाजपा के विस्तार अभियान में सक्रिय दिख रहे हैं तरुण भंडारी, राजनीतिक गलियारों में बढ़ी चर्चा पंजाब की राजनीति और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार पंजाब के दौरे कर रहे हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि इन दौरों और भाजपा के संगठनात्मक विस्तार अभियान में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।भाजपा और सरकार से जुड़े सूत्रों के अनुसार, तरुण भंडारी को मुख्यमंत्री तथा पार्टी नेतृत्व का विश्वासपात्र रणनीतिक सहयोगी माना जाता है। हरियाणा में विभिन्न राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी की चर्चा लंबे समय से होती रही है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि पंजाब में भाजपा के विस्तार प्रयासों के दौरान भी उनकी भूमिका प्रमुखता से सामने आई है।
विश्लेषकों का मानना है कि धार्मिक और सामाजिक नेतृत्व से संवाद स्थापित कर भाजपा समाज के विभिन्न वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करने का प्रयास कर रही है। इसी संदर्भ में तरुण भंडारी को मुख्यमंत्री और धार्मिक नेतृत्व के बीच समन्वय स्थापित करने वाले प्रमुख चेहरों में गिना जा रहा है। मुख्यमंत्री की संत-महात्माओं, गुरुद्वारों, मंदिर समितियों और अन्य धार्मिक प्रतिनिधियों से हुई मुलाकातों को सामाजिक संवाद और जनसंपर्क की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
।।।।

संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं का बड़ा मान 
हरियाणा सरकार द्वारा बोर्डों, निगमों और विभिन्न संस्थाओं में की गई ताजा नियुक्तियां केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति के रूप में देखी जा रही हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इन फैसलों के जरिए भाजपा संगठन के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को सत्ता की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया है, जो लंबे समय से राजनीतिक जिम्मेदारियों की प्रतीक्षा कर रहे थे।प्रदेश में विधानसभा चुनावों और उसके बाद के राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच भाजपा के अनेक नेता स्वयं को सरकार में प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे। अब एक साथ कई महत्वपूर्ण पदों पर हुई नियुक्तियों ने यह संकेत दे दिया है कि सरकार संगठन में कार्य करने वालों को भी सत्ता में सम्मानजनक हिस्सेदारी देने के पक्ष में है।संगठन को साधने की शुरुआतराजनीतिक जानकारों का मानना है कि नायब सरकार के गठन के बाद यह पहला बड़ा अवसर है जब विभिन्न बोर्डों और निगमों में व्यापक स्तर पर नियुक्तियां की गई हैं। इससे भाजपा नेतृत्व ने दोहरे उद्देश्य साधने की कोशिश की है—एक ओर लंबे समय से सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी देकर उनका मनोबल बढ़ाना और दूसरी ओर संगठन के भीतर संतुलन बनाए रखना।
।।।

चर्चा गब्बर के एक्शन की
हरियाणा में "गब्बर" के नाम से प्रसिद्ध ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज द्वारा यमुनानगर में की गई सख्त कार्रवाई अब पूरे प्रदेश में भू-माफियाओं और उनसे कथित मिलीभगत रखने वाले अधिकारियों के लिए बड़ी चेतावनी बनती दिखाई दे रही है। यमुनानगर की ग्रीवेंस कमेटी बैठक में सामने आए एक मामले ने न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि प्रदेशभर में वर्षों से चल रहे अवैध कॉलोनी कारोबार की परतें भी उधेड़ दी हैं।मंत्री विज का गुस्सा किसी सामान्य शिकायत पर नहीं फूटा था। मामला कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग, नियमों की अनदेखी और सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने से जुड़ा था। शिकायत की सुनवाई के दौरान जब संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया तो वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। रिकॉर्ड में कृषि भूमि दर्ज होने के बावजूद वहां आवासीय प्लॉटों की रजिस्ट्रियां कैसे हुईं, अवैध कॉलोनियां कैसे विकसित हुईं और जिम्मेदार विभागों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की, इन सवालों का जवाब अधिकारियों के पास नहीं था। इसी के बाद अनिल विज ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश देकर स्पष्ट संकेत दे दिया कि अब लापरवाही या मिलीभगत किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
।।।।।

डिजिटल चोकीदारी

हरियाणा में विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्ता आश्वासन प्राधिकरण एक मजबूत और तकनीक आधारित निगरानी तंत्र विकसित कर रहा है। प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राजीव अरोड़ा ने कहा कि राज्य में सरकार द्वारा बनाये जाने वाले हर प्रोजेक्ट की गुणवत्ता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए निर्माण कार्यों की निगरानी, परीक्षण और मूल्यांकन की पूरी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। बकायदा इसके लिए डिजिटल टेक्नोलॉजी का उपयोग विशेष तौर पर किया जा रहा है।  मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में ऐसी व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिसमें परियोजना की योजना, डिजाइन, डीपीआर, निर्माण और रखरखाव के प्रत्येक चरण की गुणवत्ता का वैज्ञानिक मूल्यांकन किया जा सके। इतना ही नहीं, खुद मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी समय—समय पर इस संबंध में विशेष बैठक लेते हुए मॉनिटरिंग कर रहे है। विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

।।।।

24 वर्ष बाद मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण

हरियाणा में लगभग 24 वर्ष बाद मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू होने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह व्यापक अभियान 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा, जिसके तहत बूथ स्तर पर घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और निर्देश दिए कि    ईआरओ,एईआरओ, बीएलओ तथा सुपरवाइजर्स को समयबद्ध प्रशिक्षण देकर अभियान को सफल बनाया जाए।बैठक में सीईओ ने राज्य में मतदाता सूचियों की मैपिंग की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि अब तक केवल 64.26 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा हुआ है, जबकि फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत और पंचकूला जैसे जिलों में यह आंकड़ा 60 प्रतिशत से भी कम है। उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि संबंधित जिलों में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर जनसहयोग सुनिश्चित किया जाए।

।।।।

बस अड्डों पर अब ‘विज मॉडल’ की एंट्री
   हरियाणा के बस अड्डों पर अब अव्यवस्था और मनमानी के दिन खत्म होने वाले हैं। प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल विज ने रोडवेज परिसरों को पूरी तरह व्यवस्थित, सुरक्षित और यात्री-केंद्रित बनाने के लिए बड़ा एक्शन प्लान लागू करने के संकेत दिए हैं। साफ शब्दों में संदेश दिया गया है कि बस अड्डे अब अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के अड्डे नहीं, बल्कि अनुशासित सार्वजनिक सुविधा केंद्र के रूप में नजर आएंगे। परिवहन विभाग की ओर से प्रदेश के सभी रोडवेज महाप्रबंधकों को जारी निर्देशों में कहा गया है कि प्लेटफॉर्म से लेकर फुटपाथ और प्रतीक्षालय तक किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। सरकार का दावा है कि आने वाले समय में हरियाणा के बस अड्डों को साफ-सुथरा, आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल बनाया जाएगा। परिवहन विभाग का मानना है कि यदि बस अड्डों की व्यवस्था सुधरती है तो यात्रियों का भरोसा सार्वजनिक परिवहन पर और मजबूत होगा। अनिल विज के इस सख्त रुख को रोडवेज परिसरों में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्था के खिलाफ बड़े प्रशासनिक अभियान के रूप में देखा जा रहा है।सरकार का फोकस इस बार सीधे यात्रियों की सुविधा पर है। अक्सर बस अड्डों पर दुकानों के बाहर फैला सामान, अतिरिक्त काउंटर, रेहड़ी-फड़ी और अनधिकृत विक्रेताओं के कारण यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। 
।।।।

औद्योगिक रणनीति को नई दिशा दे रहे डॉ अमित अग्रवाल

हरियाणा में औद्योगिक विकास को नई गति देने और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की टीम के कुछ अधिकारियों की भूमिका विशेष रूप से चर्चा में है। इनमें उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के कमिश्नर एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल का नाम प्रमुखता से उभरकर सामने आया है। अपनी परिणामोन्मुख कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता और दूरदर्शी सोच के कारण उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक रणनीति को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।पिछले लगभग एक वर्ष से उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की कमान संभाल रहे डॉ. अमित अग्रवाल ने न केवल निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाया, बल्कि उद्योग जगत की अपेक्षाओं के अनुरूप नीतिगत सुधारों को भी गति दी। इसका प्रत्यक्ष परिणाम सोमवार को गुरुग्राम में देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महत्वाकांक्षी ‘मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी’ का शुभारंभ किया।
प्रदेश सरकार द्वारा 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने के लक्ष्य के साथ तैयार की गई इस नीति को लॉन्च के पहले ही दिन बड़ी सफलता मिली। विभिन्न औद्योगिक समूहों और निवेशकों के साथ 1.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। इसे हरियाणा के औद्योगिक इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में माना जा रहा है।
।।।

चंडीगढ़ से दिल्ली तक बाबा का प्रकाश
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज के नेतृत्व में हरियाणा ऊर्जा विभाग को देशभर में तीन प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। जिसके लिए हरियाणा को नामित किया गया है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के पदभार ग्रहण समारोह में भी जैसे ही बाबा ने एंट्री ली वहां गब्बर के नारों की गूंज सुनाई दी। बल्कि प्रदेश भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया से लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी उनकी तारीफ करते दिखे। उल्लेखनीय है कि पिछले काफी दिनों से अलग-अलग कारणों से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा। जिसमें उनके दोनों पांव में भी फ्रैक्चर हो गया था। मौजूदा समय में भी उनकी एक आंख में कुछ परेशानी आ गई थी। जो कि अब काफी हद तक ठीक है। इन सब झंझावातों के बावजूद भी बाबा का हौसला और उनके काम के प्रति जुनून देखने लायक है उन्होंने बेड पर रहते हुए भी सरकारी फाइलों का निपटारा किया था। इन सब के बाद भी उनका विभाग देश भर में सबसे अग्रणी रहा जिसमें एक ही नहीं बल्कि तीन अलग-अलग कैटेगरी में प्रदेश को सम्मान मिलेगा।
।।

विधिवत रूप से हरियाणा भाजपा में अर्चना युग की शुरुआत
पिछले दिनों  भाजपा की ओर से बनाए गए प्रदेश अध्यक्षों के बाद हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष की कमान अर्चना गुप्ता दी गई है। वहीं अब अर्चना गुप्ता  को औपचारिकता पूरी कर विधिवत रूप से भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकूला पंचकमल में पदभार ग्रहण कराया गया। जिसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया केंद्रीय मंत्रियों सहित प्रदेश के सभी मंत्री और अन्य नेता गण भी मौजूद रहे। इस दौरान  नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी का पन्ना प्रमुख से लेकर बूथ अध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ता सम्मानित और पार्टी की रीड  है।
।।।

मजबूत मैनेजमेंट के अलावा हंसी की डोज में भी कुशल  है :सतीश पूनिया
हरियाणा प्रदेश भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया जहां संगठन के काम के प्रति बेहद ही गंभीर और मजबूत रणनीतिकार माने जाते हैं। लेकिन इन सब के बावजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश के अलावा खुशी और ताजगी की डोज देने में भी वे जरा सी कंजूसी नहीं करते। हाल ही में प्रदेश भाजपा कार्यालय पंचकमल पंचकूला में जब भी उन्होंने स्टेज पर अपना संबोधन दिया इस दौरान जहां सभी साथियों को भरपूर सम्मान और सराहना तो कि ही लेकिन इन सब के बावजूद उनके चटपटे और चुटिले अंदाज से हर तरफ हंसी के फव्वारे फुट  पड़े।
।।

राव साहब ने भी अर्चना को दिया  आशीर्वाद
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह बहुत कम है चंडीगढ़ या पंचकूला आते हैं। लेकिन जब हुए अर्चना गुप्ता की ताजपोशी कार्यक्रम में पहुंचे तो प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया ने मंच से ही कहा कि राव साहब का आशीर्वाद मिलना बहुत भाग्य की बात है। जो की अर्चना गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम में पहुंचे थे।अहिरवार बेल्ट के दमदार नेताओं में राव इंद्रजीत का नाम आता है।केंद्र में मंत्री भी हैं।

प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी