हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के साथ हादसा; बाथरूम में नहाते समय अचानक फिसले, दोनों पैरों में फ्रैक्चर, डॉक्टर इलाज कर रहे
Haryana Cabinet Minister Anil Vij Slipped in Bathroom While Taking Bath
Haryana Minister Anil Vij: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के साथ हादसा हो गया है। अपने घर पर ही वह हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि अनिल विज बाथरूम में नहाते समय अचानक फिसले और फर्श पर गिर गए। इस हादसे में उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया है। डॉक्टरों ने उनके दोनों पैरों में प्लास्टर चढ़ाया है, साथ ही उन्हें एक महीने बेड रेस्ट की सलाह दी है। डॉक्टर घर में ही उनका इलाज कर रहे हैं। साथ ही इस हादसे की जानकारी होने पर लोग अनिल विज के घर उनसे मिलने भी पहुंच रहे हैं और हालचाल ले रहे हैं।
हाल ही में कैथल SP पर तमतमाए थे
हाल ही में अनिल विज का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। जिसमें वह कैथल SP पर तमतमाते देखे जा रहे थे। दरअसल यह पूरा वाकया कैथल में अनिल विज की अध्यक्षता में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान का था। जिसमें एक धोखाधड़ी मामले में अनिल विज ने एक पुलिस कर्मचारी को सस्पेंड करने का आदेश दिया। लेकिन कैथल जिला पुलिस अधीक्षक उपासना ने कहा कि वह ऐसा नहीं कर सकतीं। यह उनके पावर में नहीं है। इस पर विज नाराज़ हो गए और डीजीपी को उनके नाम से पत्र भेजने को कहा, जिसे एसपी ने पहले अस्वीकार किया। लेकिन बाद में विज के सख्त तेवर के बाद एसपी ने माना कि मंत्री के आदेश का हवाला देकर डीजीपी को सस्पेंशन के लिए लिखा जाएगा।
सुर्खियों में रहते अनिल विज
बीजेपी के सीनियर नेता और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री 72 वर्षीय अनिल विज अपने अलग और खुले अंदाज को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। अनिल विज को अक्सर अधिकारियों की क्लास लगाते हुए देखा जाता है। वह अधिकारियों पर बेहद सख्त तेवर अपनाने के लिए जाने जाते हैं। यही कारण है कि अनिल विज हरियाणा के लोगों में 'गब्बर' के नाम से भी मशहूर हैं। विज के सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर आठ लाख से ज्यादा फोलोअर्स हैं। वह फेसबुक के साथ-साथ X पर भी काफी एक्टिव हैं और विपक्ष के नेताओं व तमाम मुद्दों पर अपनी बयानबाजी करते रहते हैं। यही नहीं विज कभी-कभी तो अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े कर देते हैं।
अंबाला कैंट से सातवीं बार विधायक बने विज
अनिल विज विधानसभा चुनाव 2024 में लगातार 7वीं बार अंबाला कैंट से विधायक बनकर आए हैं। इस बार उन्हें ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री बनाया गया है। इससे पहले हरियाणा में बीजेपी के दूसरे कार्यकाल में विज के पास गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय था। लेकिन इस बार गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय विज के पास नहीं आया। विज ने अंबाला कैंट से सबसे पहला विधानसभा चुनाव साल 1991 में लड़ा था और जीत हासिल की थी।
वहीं 1996 और 2000 में, उन्होंने एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और दोनों बार जीत दर्ज की। हालांकि, विज 2005 का चुनाव हार गए। इसके बाद वह 2009 में फिर से अंबाला कैंट से विधायक के रूप में चुने गए। वहीं 2014 और 2019 के विधानसभा चुनाव में भी अनिल विज ने अंबाला कैंट से जीत दर्ज की।