गोरखपुर: सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर से भरी अपनी डिजिटल स्वगणना, कहा— 'सटीक आंकड़े ही समावेशी विकास का आधार'

गोरखपुर: सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर से भरी अपनी डिजिटल स्वगणना, कहा— 'सटीक आंकड़े ही समावेशी विकास का आधार'

1000220927

Gorakhpur: CM Yogi completed his digital self-census

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शनिवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित अपने आवास पर प्रदेश में जारी डिजिटल जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत स्वगणना (सेल्फ एनुमेरेशन) का डिजिटल/ऑनलाइन प्रपत्र भरा। इस अवसर पर उन्होंने 21 मई तक चलने वाली डिजिटल स्वगणना की प्रक्रिया में सभी नागरिकों से हिस्सेदारी की अपील की।

मुख्यमंत्री ने स्वगणना पोर्टल पर जाकर अपनी सभी जानकारियों के कॉलम को पूर्ण किया। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस प्रक्रिया में सहभागिता दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि यह देश की पहली पूरी तरह से डिजिटल जनगणना है। इसका मुख्य उद्देश्य ‘हमारी जनगणना-हमारा विकास’ की भावना के साथ सटीक आंकड़े जुटाकर प्रदेश के विकास और कल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करना है।

उल्लेखनीय है कि 7 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से डिजिटल जनगणना के पहले चरण ‘स्वगणना’ का शुभारंभ किया था।

सीएम योगी ने कहा कि जनगणना सिर्फ जनसंख्या की गणना भर नहीं है बल्कि समग्र, समावेशी और सुनियोजित विकास का सशक्त आधार भी है। जनगणना 2027 यह सुनिश्चित करने का भी माध्यम है कि विकास की धारा में समाज का अंतिम व्यक्ति भी समान रूप से सहभागी बन सके। उन्होंने कहा कि रियल टाइम डेटा के लिए डिजिटल तकनीक के उपयोग से जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित बनाया गया है।