पंजाब में बने बाढ़ जैसे हालात, 5 राज्यों में बढ़ा जल स्तर, फसले हुई तबाह
- By Gaurav --
- Thursday, 14 Aug, 2025

Heavy Flood in Punjab, water level increased:पंजाब में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। पौंग डैम से 57,000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से ब्यास नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। साथ ही सतलुज नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।
गुरदासपुर, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर और फिरोजपुर जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। पौंग डैम में बुधवार सुबह 11 बजे जलस्तर 1,650 फीट तक पहुंच गया। कपूरथला के गांव भैणी कादर और महिवाल में धुस्सी बांध टूटने से 16 गांवों में ब्यास नदी का पानी भर गया है।
कई गांवों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया है। हजारों एकड़ फसल जलमग्न हो गई है। डीसी अमित कुमार पंचाल के अनुसार, दरिया में 1.10 लाख क्यूसेक पानी बह रहा है। सुल्तानपुर लोधी और ढिलवां क्षेत्र में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
गुरदासपुर जिले के श्रीहरगोबिंदपुर साहिब के तीन गांव फत्ता, गंधूवाल और तलवाड़ा पानी से घिर गए हैं। यहां 200 एकड़ धान की फसल डूब गई है। गांव फत्ता के गुरुद्वारा साहिब से श्री गुरु ग्रंथ साहिब को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
मौसम विभाग ने 14 से 16 अगस्त तक भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को हुई भारी वर्षा के कारण तीन स्थानों पर बादल फटने से आठ पुल बह गए हैं। प्रशासन 24 घंटे स्थिति पर नजर रख रहा है।