सावधान! पंचकूला में फिर से दिखा तेंदुआ; एक बिल्डिंग के पास से गुजरता हुआ CCTV में कैद, चंडीमंदिर कैंट एरिया के आसपास मूवमेंट
Leopard Seen Again in Panchkula Movement Nearby Chandimandir Cantt Area
Leopard in Panchkula: चंडीगढ़ से सटे हरियाणा के पंचकूला शहर में एक बार फिर तेंदुए को देखा गया है। जो कि सीसीटीवी कैमरे में बीती 28 तारीख को मूवमेंट करते हुए कैद हुआ है। सीसीटीवी वीडियो के मुताबिक तेंदुआ एक बिल्डिंग के पास से गुजरता हुआ दिख रहा है। वह भागता हुआ आगे की तरफ जाता है। बताया जा रहा है कि चंडीमंदिर कैंट एरिया के आसपास तेंदुए की मूवमेंट देखी जा रही है। तेंदुए के फिर देखे जाने के बाद एरिया में लोगों को सतर्क और सचेत रहने को कहा गया है। खासतौर से बच्चों और बुजुर्गों की खास निगरानी की सलाह दी गई है। इस बीच वन विभाग ने देखे गए तेंदुए को लेकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

क्या यह सेक्टर 6 से भागा हुआ तेंदुआ?
अभी 2 दिन पहले ही बीते शनिवार दोपहर (27 दिसंबर) को पंचकूला के सेक्टर 6 रिहायशी इलाके में तेंदुए की दस्तक देखी गई थी। तेंदुए को यहां मकान नंबर 277 के नजदीक हलचल करते देखा गया था। काफी देर तक तेंदुआ यहां इधर से उधर मूवमेंट करता रहा। हालांकि तेंदुए ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया। लेकिन तेंदुए को देख वहां लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। तेंदुए को अपने बीच देख लोग बेहद डरे रहे और अपने घरों में कैद होने को मजबूर हुए। वहीं कुछ लोग छतों पर चढ़कर तेंदुए पर नजर रखते हुए उसका वीडियो भी बना रहे थे।
वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था और घेराबंदी की थी। लेकिन इससे पहले वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ सकती। वह चंडीमंदिर कैंट एरिया के जंगल की तरफ भाग गया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए के जंगल एरिया में जाने की जानकारी दी थी और कहा था कि पकड़ने से पहले वह अपने आप ही जंगल की तरफ चला गया है। ऐसे में अब सवाल यह है कि अब जो तेंदुआ सीसीटीवी में कैद हुआ है क्या वह वही भागा हुआ तेंदुआ है या फिर एक नहीं बल्कि एक से ज्यादा तेंदुए जंगल क्षेत्र से बाहर निकले हुए हैं और आबादी वाले क्षेत्रों में मूवमेंट कर रहे हैं।
पंचकूला के रिहायशी इलाकों में पहले भी आते रहे तेंदुए
यह पहली बार नहीं है जब कोई तेंदुआ पंचकूला के रिहायशी इलाके में घुस आया हो। पहले भी कई बार पंचकूला के आबादी वाले इलाकों में इस जंगली शिकारी को घुसते देखा गया है। हाल ही में 7 दिसंबर को मोरनी के शिल्यों गांव के नज़दीक तेंदुआ देखा गया था, जो घरों में घुसने की कोशिश कर रहा था। आपको बतादें कि, पंचकूला का चंडीमंदिर कैंट एरिया का जंगल काफी बड़ा है, इसके पीछे सुखना क्षेत्र का जंगल भी लगा हुआ है। साथ ही पास में मोरनी इलाका है जो एक पहाड़ी और जंगली क्षेत्र है. ऐसे में पंचकूला और आसपास के रिहायशी इलाकों में जंगली जानवर अक्सर अपनी दस्तक देते हैं और लोगों के बीच दहशत और कौतुहल पैदा कर देते हैं। पंचकूला के साथ-साथ चंडीगढ़ के आबादी वाले इलाकों में भी तेंदुओं की दस्तक होती रही है।
लो अब ये भी देख लो: तेंदुए ने थाने में दिखाई दबंगई, वीडियो आया सामने
तेंदुआ काफी खूंखार जंगली जानवर
तेंदुआ काफी खूंखार जंगली जानवर है। यह अगर अपने पे आ जाए तो आदमी को कच्चा खा जाए। इसके अलावा इसकी एक और खासियत है कि यह आपके नजदीक आकर इस तरह छिप जाएगा कि आप पर तो इसका पूरा कण्ट्रोल रहेगा लेकिन आप इसे नहीं देख पाएंगे। इसके अलावा इसकी नजरें और सूंघने की क्षमता बड़ी शार्प होती है। आहट पर यह वार कर देता है और काम तमाम कर देता है। तेंदुआ बेहद फुर्तीला होता है। इसकी लंबी छलांग और ऊंचाई पर चढ़ने की इसकी क्षमता इसे और ताकतवर बनाती है।