अंबेडकरनगर में आग का कहर: पांच परिवारों के घर जलकर राख, तीन लोग झुलसे
Fire havoc in Ambedkar Nagar
अंबेडकरनगर। Fire havoc in Ambedkar Nagar: आग से पांच परिवारों की गृहस्थी राख हो गई, जबकि दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, एक भैंस की मौत हो गई, जबकि तीन झुलस गई। फायर ब्रिगेड देर से पहुंचने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया।
हंसवर के मईपुर गांव में मंगलवार की देर रात अच्छेलाल की पत्नी घर के बाहर बैठी थी। अचानक छप्पर के मकान में आग लगने से सिलिंडर फटने से आग लपटे सगे भाइयों समेत पड़ोसियों के घर को आगोश में ले लिया। आग बढ़ते देख सतर्क स्वजन व अन्य लोगों ने घर खाली कर दिया और बाहर निकल गए।
ग्रामीणों ने आग पर काबू करने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जानकारी होते ही हंसवर पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड देर से पहुंचने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। पुलिस व प्रशासन को विरोध का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग से सगे भाई गंगाराम, राजाराम, अच्छेलाल व पड़ोसी बलराम तथा ओमप्रकाश का छप्पर का मकान समेत गृहस्थी जलकर राख हो गई। गंगाराम की एक भैंस झुलस कर मर गई। वही, अच्छेलाल की दो व राजाराम की एक भैंस झुलस गई। राजाराम की बाइक व दो साइकिल तथा ठेला भी जल गया।
राजाराम, इनकी पत्नी गीता व अच्छेलाल की पत्नी विमला देवी झुलस गई। जिन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। एसडीएम डा. शशिशेखर, थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार व टांडा की पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर आक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया।
एसडीएम ने पीड़ित परिवार को खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश कोटेदार को दिया। पशु चिकित्सक ने पहुंचकर पशुओं का इलाज किया।
ग्राम प्रधान दिलीप राजभर की सूचना पर लेखपाल सोनी चौधरी व राजस्व निरीक्षक रामनारायण गौड़ ने पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया। उन्होंने बताया रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। एसडीएम डा. शशिशेखर ने बताया कि पीड़ित परिवारों को आपदा प्रबंधन के तहत सहायता उपलब्ध कराया जाएगा।
मदद को पहुंचे सपा विधायक
अकबरपुर और टांडा विधायक समेत भाजपा, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए आर्थिक सहायता प्रदान किया। अकबरपुर के सपा विधायक रामअचल राजभर ने पीड़ित परिवार के घायलों को 10-10 हजार रुपये आर्थिक मदद की है। अन्य शेष पीड़ित परिवार को दो-दो हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई।

वहीं, टांडा सपा विधायक राममूर्ति वर्मा पीड़ित परिवारों से मिलकर खाद्यान्न, बर्तन उपलब्ध कराने के साथ ही दो-दो हजार रुपये की मदद प्रदान किया। सपा जिलाध्यक्ष जंग बहादुर यादव व विधानसभा अध्यक्ष संदीप यादव मौजूद रहे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने पीड़ित परिवारों का हाल जाना और प्रशासन से हरसंभव मदद के लिए आग्रह करते हुए पीड़ित परिवारों को जल्द मकान उपलब्ध कराने की मांग की है।
सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रतिनिधि रामचरन राजभर ने प्रशासन से सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर पीड़ितों को तत्काल मदद किए जाने की बात कही।