काशी में 'नारी शक्ति' का अभिनंदन: बरेका में 50 हजार महिलाओं से संवाद करेंगे पीएम मोदी; फूलों और शंखनाद से स्वागत
Felicitating 'women power' in Kashi: PM Modi to interact with
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 28 अप्रैल को वाराणसी आगमन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मोदी बरेका में ‘जन-आक्रोश महिला सम्मेलन’ का आयोजन करेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, और जनपद की 42 विशिष्ट महिलाएं, ग्राम प्रधान और पार्षद मंच पर उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल होंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि सम्मेलन स्थल पर 30 सेक्टर बनाए गए हैं, जिसमें 50 हजार महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। प्रधानमंत्री सबसे पहले गोल्फ कार्ट से महिलाओं के लिए बनाए गए 24 ब्लाक के बीच जाएंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। इस दौरान गलियारा इस प्रकार बनाया गया है कि प्रधानमंत्री सभी ब्लाक के पास से गुजर सकें। इसके बाद वह मंच से विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे।
जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि प्रमुख चौराहों और यात्रा मार्ग को झंडे, बैनर और पोस्टरों से सजाया गया है। स्वागत के लिए हजारों होर्डिंग्स और कटआउट भी लगाए गए हैं। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं ढोल-नगाड़ों के साथ पैदल और वाहनों के काफिले में शामिल होंगी। मोदी 29 अप्रैल को सुबह सात बजे काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए जाते समय बनारस रेलवे स्टेशन मंडुवाडीह, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन, चौक सहित पांच स्थानों पर ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और पुष्पवर्षा से स्वागत किया जाएगा।
काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि 30 सेक्टरों में बंटे सभास्थल में कूलर, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पहले काशी आगमन पर भी विशेष तैयारियां की गई हैं। दिलीप पटेल ने बताया कि वह 28 अप्रैल को 11 बजे लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डा बाबतपुर पहुंचेंगे। वहां से वे काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन कर बरेका महिला सम्मेलन में शामिल होंगे।
इसके बाद वह शाम को नमो घाट से गंगा आरती में भाग लेने जाएंगे। रात्रि विश्राम के बाद वह अगले दिन साढ़े आठ बजे विंध्याचल चले जाएंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर उनके स्वच्छता के संदेश को भाजपा पदाधिकारियों ने साकार किया है। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में मलदहिया स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा पर एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।
महिला नेत्रियों ने भी जनसंपर्क किया और लोगों से बरेका में होने वाली पीएम की सभा में आने का आग्रह किया। भाजपा की प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने भी महिलाओं के साथ घर-घर जाकर संपर्क किया। महिला मोर्चा ने कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन करते हुए मशाल जुलूस निकाला और महिलाओं को सम्मेलन में आने का आह्वान किया।