बीकानेर कांग्रेस में 'विस्फोट': गोविंदराम मेघवाल का डूडी गुट पर सीधा हमला, बोले— "अशोक गहलोत ने बचाई मेरी सियासी जान"

बीकानेर कांग्रेस में 'विस्फोट': गोविंदराम मेघवाल का डूडी गुट पर सीधा हमला, बोले— "अशोक गहलोत ने बचाई मेरी सियासी जान"

Explosion in Bikaner Congress

'Explosion' in Bikaner Congress

बीकानेर: 'Explosion' in Bikaner Congress, राजस्थान के रेगिस्तानी जिले बीकानेर में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान अब 'शीत युद्ध' से निकलकर सरेआम सड़कों पर आ गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. रामेश्वर डूडी के गुट पर तीखा हमला बोलते हुए जिले की सियासत में भूचाल ला दिया है। कलेक्ट्रेट के सामने आयोजित एक विशाल जनसभा में मेघवाल ने न केवल अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया, बल्कि कांग्रेस के ही एक धड़े को 'भाजपा की बी-टीम' करार दे दिया।

'अशोक गहलोत ने बचाई मेरी सियासी जान'

मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर मेघवाल ने अपनी निष्ठा का खुलकर इजहार किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि बीकानेर की राजनीति में विरोधियों ने उनकी 'राजनीतिक हत्या' की पूरी पटकथा लिख ली थी। मेघवाल ने कहा कि 'अगर अशोक गहलोत का साथ न होता, तो ये लोग मुझे कब का खत्म कर चुके होते। राजस्थान की राजनीति गहलोत के बिना अधूरी और कमजोर है।'

भीतरघात के आरोपों की 'चार्जशीट'

मेघवाल ने रामेश्वर डूडी समर्थकों पर पार्टी के साथ गद्दारी करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने एक-एक कर उन सीटों का जिक्र किया जहां कांग्रेस को अपनों ने ही हराया।

  • श्रीडूंगरगढ़: मंगलाराम गोदारा को हराने की साजिश रची गई।
  • लूणकरनसर: वीरेंद्र बेनीवाल के खिलाफ सुनियोजित तरीके से काम किया गया।
  • लोकसभा: रेवंतराम पंवार की हार के पीछे भी इसी गुट का हाथ था।

मेघवाल ने दावा किया कि जिन बूथों पर डूडी गुट का प्रभाव है, वहां कांग्रेस के बजाय भाजपा के अर्जुनराम मेघवाल को बढ़त मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों पार्टी को कमजोर करने के लिए जानबूझकर कमजोर चेहरे आगे बढ़ाए गए?

पढ़ें पूरी खबर-  Bhajan Lal Sharma तमिलनाडु चुनाव 2026: प्रवासी राजस्थानियों के बीच भाजपा का प्रचार तेज

विवादित वीडियो और 'AI' की ढाल

पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मेघवाल कथित तौर पर दिवंगत रामेश्वर डूडी और बी.डी. कल्ला के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे थे। इस पर सफाई देते हुए मेघवाल ने इसे विरोधियों की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि 'वह वीडियो पूरी तरह फर्जी है और एआई तकनीक से मेरी आवाज और चेहरा बदलकर तैयार किया गया है। मैं अपनी पार्टी के दिग्गजों का अपमान कभी नहीं कर सकता।'
 

शक्ति प्रदर्शन से दिया संदेश

छत्तरगढ़ में हुए एक जागरण के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब आर-पार की जंग बन चुका है। डूडी समर्थकों और यूथ कांग्रेस द्वारा मेघवाल के पुतले फूंकने के जवाब में रविवार को मेघवाल ने भारी भीड़ जुटाकर अपनी ताकत दिखाई। इस जनसभा ने साफ कर दिया है कि बीकानेर कांग्रेस में 'गहलोत बनाम पायलट' या 'पुराने बनाम नए' की जंग अब एक नए और आक्रामक मोड़ पर पहुंच गई है।