Bhajan Lal Sharma तमिलनाडु चुनाव 2026: प्रवासी राजस्थानियों के बीच भाजपा का प्रचार तेज
Bhajan Lal Sharma Tamil Nadu Election 2026
Bhajan Lal Sharma Tamil Nadu Election 2026, तमिलनाडु में होने वाला विधानसभा चुनाव को लेकर राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. सीएम भजनलाल शर्मा पर प्रवासी राजस्थानियों को एकजुट करने का मिशन सौंपा गया है. क्योंकि भजनलाल शर्मा ने पहले भी इस मिशन को हरियाणा, दिल्ली और गुजरात चुनाव में पूरा किया था. अब भजनलाल शर्मा ने तमिलनाडु की सियासत में एंट्री लेकर यहां विधानसभा चुनाव के प्रचार में काम शुरू कर दिया है. कोयंबटूर से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चुनावी माहौल के बीच बड़ा सियासी संदेश दिया है.
प्रवासी राजस्थानियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना करते हुए तमिलनाडु सरकार पर भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति के आरोप लगाए. साथ ही उन्होंने एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में वोट की अपील कर चुनावी माहौल को धार दी.
प्रवासी राजस्थानियों के काम की सराहना
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सोमवार (6 अप्रलै) को तमिलनाडु विधानसभा में चुनाव प्रचार में रहे. मुख्यमंत्री ने कोयंबटूर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी वानती श्रीनिवासन के समर्थन में वोट मांगे और रोड शो में उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया. उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और उन्हें राष्ट्र निर्माण का सशक्त स्तंभ बताया. कोयंबटूर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अनुसार किसान, युवा, महिला और मजदूर ये चार ही देश की वास्तविक ताकत हैं और इनके सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस की सभी को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जो राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है.
तमिलनाडु की वर्तमान सरकार पर निशाना
उन्होंने राजस्थान सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में आमजन को पानी और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं. मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु की वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति हो रही है और इसी तरह की राजनीति पूर्व में राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने भी की थी. उन्होंने कहा कि ऐसी सरकारों को लोकतांत्रिक तरीके से जड़ से उखाड़ना जरूरी है.
पेरूर पट्टेश्वर मंदिर में दर्शन
कोयंबटूर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पेरूर पट्टेश्वर मंदिर में दर्शन कर भगवान शिव से देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना भी की. उनके स्वागत में भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रवासी राजस्थानियों ने भव्य अभिनंदन किया. साफ है कि इस दौरे के जरिए मुख्यमंत्री ने प्रवासी समाज के बीच सियासी और भावनात्मक दोनों स्तर पर जुड़ाव मजबूत करने के साथ एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने की पूरी कोशिश की है.