ऑपरेशन सिंदूर के एक साल बाद भी ऊड़ी के सीमावर्ती गांवों में डर और अनिश्चितता का माहौल

ऑपरेशन सिंदूर के एक साल बाद भी ऊड़ी के सीमावर्ती गांवों में डर और अनिश्चितता का माहौल

1000213029

Even a year after Operation Sindoor, an atmosphere

श्रीनगर। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में केंद्र द्वारा चलाए गए आपरेशन सिंदूर के एक साल बाद, सीमांत क्षेत्र ऊड़ी के सीमावर्ती गांवों में जीवन आज भी नाजुक, अनिश्चित और भयावह यादों से भरा हुआ है। पिछले साल 7 मई की बीच रात को शुरू किया गया ऑपरेशन सिंदूर, एलओसी पर एक बड़ी सैन्य कार्रवाई थी।

एक साल बाद भी, एलओसी के सबसे करीब रहने वाले लोगों के क्षतिग्रस्त घरों और अस्त-व्यस्त जीवन में उस रात की गूंज अभी भी सुनाई देती है। कई लोगों के लिए, उस घटना ने शारीरिक क्षति के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक प्रभाव भी उतना ही गहरा डाला है। उस रात की घटनाओं के चश्मदीद लगातार इस बात से भयभीत हैं कि कहीं फिर से वैसी घटना न हो जाए। उन्होंने कहा,सरकार कहती है कि आपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। अगर ऐसा फिर से हुआ, तो हम कहां जाएंगे? क्या हम ऐसी चीज़ के लिए मर जाएंगे जो हमारी गलती नहीं है।

ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ बीतने के साथ ही, क्षेत्र के सीमावर्ती निवासी समय को वर्षों में नहीं, बल्कि एक संघर्ष विराम उल्लंघन और दूसरे के बीच की दूरी में मापते हैं। उनके लिए शांति अनिश्चित बनी हुई है, पुनर्वास अधूरा है, और सुरक्षा की भावना मायावी है, जिसके कारण वे आज भी अनिश्चितता के साये में जी रहे हैं। बकौल उनके क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों में स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। रामगई गांव के 45 वर्षीय निवासी अब्दुल बासित अभी भी अपने घर के पुनर्निर्माण का इंतजार कर रहे हैं, जो गोलाबारी में क्षतिग्रस्त हो गया था।

बासित ने कहा, उस आपरेशन के दौरान पाक गोलाबारी से मेरा दो मंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया था। मेरे पास घर के पुनर्निर्माण के लिए पर्याप्त धन नहीं है। उस रात के बाद से मैं सरकार द्वारा व्यवस्थित अस्थायी आवास में रह रहा हूं जबकि मेरा क्षतिग्रस्त मकान अभी भी वैसा ही पड़ा हुंआ है। उस रात की घटना को याद करते हुए बासित ने कहा, वह हमारे लिए कयामत की रात थी। हालांकि बार्डर एरिया होने के नाते हमारे यहां सीमा पार से होने वाली गोलीबारी पहले भी होती रहती थी।

लेकिन उस रात जिस शिदद्त की गोलीबारी हुई,हमने पहले कभी ऐसी गोलाबारी नहीं देखी थी। ऐसा लग रहा था जैसे आसमान से आग बरस रही हों। हम भागे और एक छोटे से भूमिगत स्थान में शरण ली। हमारा घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। क्षेत्र के गरकोट गांव के निवासी 52 वर्षीय राजा बशीरुदीन को भी ऐसी ही यादें सताती हैं।

प्रार्थना करता हूं कि वे दिन फिर कभी न आए

उस रात का जिक्र करते हुए राजा ने कांपती आवाज में कहा मैं उस घटना को दोबारा जीना नहीं चाहता। तूफानी गोलीबारी के चलते हम सुरक्षित स्थानों की तरफ भाग नही पाए।हम अपने घर के नीचे एक छोटे से स्थान में दुबके रहे औ वह सारी रात हमने आंखों में काटी। ऐसा लगा कि अभी यह गोले हम पर बरस हमारा काम तमाम करेंगे। राजा ने कहा, मैं प्रार्थना करता हूं कि वे दिन फिर कभी न आए।

क्षेत्र में सबसे बुरी तरह प्र भावित गांवों में से एक नौपोरा में, 85 वर्षीय मोहम्मद फतह खान ने कहा, उस घटना में हमारा मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। तब से मेरा परिवार और मैं अस्थायी आश्रय में रह रहे हैं। फतह ने कहा,सरकार ने बेशक मुआवजा दिया लेकिन वह हमारे घर को हुए नुक्सान के लिहाज से बहुत कम है। पाक गोलीबारी में हमारा घर बस एक मिट्टी के मलबे में तबदली हो गया है।इसे दोबारा बनाने के लिए हमारे पास पैसे नही हैं।उन्होंने कहा,उस घटना में हमारा माली नुकसान तो हुआ ही।

साथ ही हमारा स्वास्थ भी खराब हो गया। कहा कि इस अनुभव ने उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर डाला है। फतह ने कहा,हम उस घटना को नही भूल पा रहे हैं। वह मंजर अभी भी हमारी आंखों के गिर्द घूमता रहता है जब मौत हमारे सिरों पर नाच रही थी और हम बेबसी से उसे अपनी तरफ आते देख रहे थे।

सरकार द्वारा दिया गया मुआवजा अपर्याप्त

पीड़ितों का आरोप है कि सरकार द्वारा कथित तौर पर प्रति परिवार 2 लाख रुपये तक का दिया गया मुआवजा अपर्याप्त है। क्षेत्र के नौपोरा के लालदीन खटाना नामक एक निवासी ने अपनी निराशा स्पष्ट रूप से व्यक्त करते हुए कहा, 1.06 लाख रुपये में तो यहां घर की नींव भी नहीं रखी जा सकती। इतनी कम राशि में हम सब कुछ कैसे दोबारा बना सकते हैं?।

उस घटना की कड़वी व झकझोर देने वाली यादों व मुआवजे की मांग के साथ साथ पीड़ितों के लिए सुरक्षा ढांचे की कमी एक बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है।चुरुंडा गांव के सैयद करामत ने कहा कि सुरक्षा उपायों के वादे पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा,आपरेशन सिंदूर के बाद यहां एक भी सामुदायिक बंकर नहीं बनाया गया है। बहालांकि अधिकारी दावा करते हैं कि बहुत कुछ किया गया है, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ भी नहीं है।

करामत ने पूछा, अगर फिर से गोलाबारी हुई तो हमारी सुरक्षा कौन सुनिश्चित करेगा?” अन्य लोगों ने भी टिकाऊ सुरक्षा संरचनाओं की मांग दोहराई। कमलकोट के गुलाम हसन कुरैशी ने कहा, ऊपर बनी खाइयां काफी नहीं हैं। वे भारी गोलाबारी का सामना नहीं कर सकतीं। हमें ठोस भूमिगत बंकर चाहिए। उन्होंने कहा,जब भी तनाव बढ़ता है, हम भागने या असुरक्षित आश्रयों में अपनी जान जोखिम में डालने के लिए मजबूर हो जाते हैं।

आज भी गांव के कुछ हिस्सों में दिखते हैं गोलाबारी के निशान

ऊड़ी क्षेत्र के सीमावर्ती गांव बांदी पिछले साल गोलाबारी के दौरान सबसे बुरी तरह प्रभावित गांवों में से एक था, जब सीमा पार से गोलीबारी ने कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भागने के लिए मजबूर कर दिया। आज भी, गांव के कुछ हिस्सों में क्षतिग्रस्त दीवारों और छतों पर गोलाबारी के निशान दिखाई देते हैं, जो निवासियों द्वारा झेले गए भय और अनिश्चितता की याद दिलाते हैं। ग्रामीणों ने संकट के दौरान और उसके बाद सेना द्वारा निभाई गई भूमिका को सराहा । स्थानीय लोगों के अनुसार, गोलाबारी के दौरान सेना के जवानों ने नागरिकों को सुरक्षित क्षेत्रों में पहुंचाने में सहायता की और संकट के बाद राहत कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल रहे।

कई निवासियों ने याद करते हुए कहा, उन कठिन रातों में सेना हमारे साथ खड़ी रही। उन्होंने परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की और संकट के दौरान ग्रामीणों का समर्थन किया। रुमान नामक एक स्थानीय छात्र ने कहा,हम उस रात बहुत डरे हुए थे और सुबह तक जागते रहे। लेकिन बाद में सेना और कई अन्य लोग हमारी मदद के लिए आए।

इस संकट ने निवासियों के बीच एकता को मजबूत किया

हमें एहसास हुआ कि हम अकेले नहीं हैं। नुसरत इकबाल नामक एक स्थानीय गृहनी ने कहा, प्रशासन के साथ साथ यहां तैनात के समर्थन और समन्वय के कारण गांव में धीरे-धीरे स्थिरता लौट आई। “जीवन फिर से सामान्य हो गया है।” “बच्चे स्कूल लौट आए हैं और लोग एक बार फिर काम और अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। निवासियों ने बताया कि गोलाबारी की घटना के बाद गांव में आपातकालीन प्रतिक्रिया और सुरक्षा तैयारियों के बारे में जागरूकता भी बढ़ी है।

इस सदमे के बावजूद, बांदी में रोजमर्रा की जिंदगी फिर से शुरू हो गई है। किसान अपने खेतों में लौट आए हैं, स्कूल सामान्य रूप से चल रहे हैं और सामुदायिक गतिविधियां धीरे-धीरे गति पकड़ रही हैं। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि इस संकट ने निवासियों के बीच एकता को मजबूत किया और नागरिकों, प्रशासन और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास को बढ़ाया। लियाकत अहमद खान नामक एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, उन कठिन समय में, सभी एक साथ खड़े रहे हम सब लोग और हमारे सेना के जवान। उस समर्थन ने हमें साहस दिया।