भ्रष्टाचार पर नकेल: ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के 4 ठिकानों पर EOU की छापेमारी
EOU Raids 4 Locations Linked to Rural Work
पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। एक-एक कर भ्रष्ट अफसरों पर आर्थिक अपराध इकाई का शिकंजा कस रहा है।
अब ग्रामीण कार्य विभाग का इंजीनियर गोपाल कुमार रडार पर आया है। उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने कार्रवाई की है।
आय से 81 प्रतिशत से ज्यादा संपत्ति
जांच में उनके पास ज्ञात आय से करीब 2 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति मिलने के प्रारंभिक साक्ष्य मिले हैं, जो आय से लगभग 81.5% अधिक बताई गई है।
मामले में ईओयू थाना कांड संख्या-08/26 दर्ज कर विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से सर्च वारंट लिया गया। इसके बाद शुक्रवार को पटना और जमुई समेत 4 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की गई।
जमुई समेत चार ठिकानों पर रेड
ग्रामीण कार्य प्रमंडल झाझा के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के ठिकानों पर वरीय अधिकारियों की निगरानी में जांच-पड़ताल की जा रही है।
उनके कार्यालय और आवास पर छानबीन चल रही है। छापेमारी की कार्रवाई पूरी होने के बाद ईओयू मामले में पूरी जानकारी साझा करेगी।