चंडीगढ़ में 'विशेष गहन पुनरीक्षण' पर चुनाव आयोग की अहम बैठक: 22 साल बाद हो रहा है यह बड़ा अभ्यास, 15 जून से शुरू होगा घर-घर सर्वे

चंडीगढ़ में 'विशेष गहन पुनरीक्षण' पर चुनाव आयोग की अहम बैठक: 22 साल बाद हो रहा है यह बड़ा अभ्यास, 15 जून से शुरू होगा घर-घर सर्वे

1000221821

Election Commission holds crucial meeting on 'Special

चंडीगढ़, सोमवार, 18.05.2026: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा यू.टी. चंडीगढ़ हेतु दिनांक 14.05.2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) के तृतीय चरण की घोषणा की गई। SIR कार्यक्रम की घोषणा के उपरांत, भारत निर्वाचन आयोग की एक टीम, जिसमें श्री संतोष कुमार दुबे, सचिव एवं श्री संजय कुमार, अवर सचिव शामिल थे, ने दिनांक 18.05.2026 को यू.टी. चंडीगढ़ का दौरा किया तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AEROs) के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया संबंधी प्रशिक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा के बाद चंडीगढ़ में आयोजित यह अपने प्रकार की पहली बैठक थी। बैठक के दौरान अधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि प्रत्येक निर्वाचन से पूर्व अथवा आवश्यकता पड़ने पर विधिक प्रावधानों के अनुसार निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण किया जाना आवश्यक है। यह भी अवगत कराया गया कि वर्ष 1951 से 2004 के बीच SIR की प्रक्रिया आठ बार आयोजित की जा चुकी है तथा अंतिम बार यह अभ्यास वर्ष 2002–2004 के दौरान किया गया था, जिसे अब 22 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है। लगातार होने वाले प्रवासन, एकाधिक पंजीकरण, मृत मतदाताओं के नामों का हटाया न जाना तथा विदेशी नागरिकों के संभावित गलत समावेशन जैसी समस्याओं के मद्देनज़र निर्वाचक नामावलियों की गुणवत्ता बनाए रखने एवं उन्हें अद्यतन एवं शुद्ध रखने के उद्देश्य से SIR की आवश्यकता पर बल दिया गया।

भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की सुविधा तथा इसे एन्यूमरेशन चरण के दौरान सक्रिय किए जाने संबंधी जानकारी भी दी। साथ ही, आम जनता के बीच इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। सत्र के दौरान गणना कार्यक्रम (Enumeration Schedule) एवं संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) ने आगंतुक टीम को आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के लिए की जा रही तैयारियों से अवगत कराया, जिनमें जागरूकता गतिविधियाँ, राजनीतिक दलों के साथ समन्वय तथा गणना प्रपत्रों (Enumeration Forms) की छपाई संबंधी व्यवस्थाएँ शामिल हैं।

सभी पात्र मतदाताओं से अपील की गई है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा 15.06.2026 से 14.07.2026 तक BLOs द्वारा किए जाने वाले घर-घर भ्रमण के दौरान अथवा voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर सहयोग प्रदान करें। साथ ही, SIR गतिविधियों के दौरान बूथ स्तर अधिकारियों (BLOs) एवं अन्य निर्वाचन अधिकारियों को पूर्ण सहयोग देने का भी आग्रह किया गया है।