योगी आदित्यनाथ ने शुरू की शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, शिक्षकों को दिया बड़ा संदेश
- By Gaurav --
- Sunday, 26 Jul, 2026
Educational Institutions Should Become
आगरा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों और उच्च शिक्षण संस्थानों से राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि देश के भीतर कोई भी विरोधी ताकत षड्यंत्र रचकर अव्यवस्था फैलाने का प्रयास करे, तो शिक्षक समाज को ऐसे प्रयासों के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
आगरा दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग के 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके आश्रितों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोच्च रहा है और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है।
गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ ताकतें भारत की प्रगति से खुश नहीं हैं और समाज में विद्वेष तथा भ्रम फैलाने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी शक्तियां आधुनिक तकनीक और बाहरी संसाधनों का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह करने तथा देश में अव्यवस्था का माहौल बनाने की कोशिश कर सकती हैं।
योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि दिग्भ्रमित समाज अंततः नकारात्मकता की ओर बढ़ता है और अपने ही हितों को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने शिक्षकों से छात्रों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और अन्य शिक्षण संस्थान राष्ट्रभक्ति, शोध और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा के केंद्र बनने चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालयों के प्रकाशन केंद्रों से समाज की उपलब्धियों, नवाचारों और प्रेरक सफलताओं को अधिक से अधिक सामने लाने का भी आह्वान किया।