ED Conducts Raids at 13 Locations in

आतंकवाद के वित्तपोषण और अवैध घुसपैठ नेटवर्क पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 13 ठिकानों पर छापेमारी

ed

ED Conducts Raids at 13 Locations in

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आतंकवाद के वित्तपोषण और अवैध घुसपैठ नेटवर्क से जुड़े धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) मामले में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 ठिकानों पर छापेमारी की।

अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय ने धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की। ईडी की जांच वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी पर आधारित है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, प्राथमिकी में एक ऐसे संगठित गिरोह का उल्लेख है, जिस पर कथित रूप से रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की भारत में अवैध घुसपैठ कराने, उनके लिए फर्जी भारतीय पहचान दस्तावेज तैयार करवाने और उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में बसाने में मदद करने का आरोप है।

अधिकारियों ने बताया कि एटीएस की जांच में एक जटिल वित्तीय नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है, जिसमें कुछ परमार्थ ट्रस्ट और संस्थाओं की कथित भूमिका सामने आई है। आरोप है कि इन संस्थाओं ने विदेशी चंदा प्राप्त कर कई बैंक खातों, बिचौलियों और जटिल वित्तीय लेनदेन के जरिए धन का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों के लिए किया।

जांच के दौरान संदिग्ध लाभार्थियों द्वारा बड़ी मात्रा में नकद निकासी और कम मूल्य के कई वित्तीय लेनदेन (स्मॉल-वैल्यू ट्रांसफर) किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। ईडी मामले की जांच कर रही है और छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों एवं डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।