"भूकंप ने मचाई हलचल, नुकसान से बचा इलाका"
Earthquake Causes a Stir
Barwani Earthquake: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के अंजड़ और सेंधवा क्षेत्र में 8 मार्च को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. अचानक जमीन और घर का सामान हिलने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 दर्ज की गई है.
जानकारी के अनुसार, अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मोहिपुरा सहित आसपास के गांवों में दोपहर करीब 12 बजकर 48 मिनट पर लोगों ने जमीन में कंपन महसूस किया. घरों में रखे बर्तन जमीन पर गिर गए और पंखे हिलने लगे. जिससे घबरा लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए.
3.6 रही भूकंप की तीव्रता
इंदिरा सागर पावर स्टेशन भूकंप वेध शाला बड़वानी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 दर्ज की गई है. इसका केंद्र (एपिसेंटर) स्थानीय क्षेत्र में ही रहा. खासकर नर्मदा नदी के किनारे बसे इलाकों में भूकंप का असर अधिक महसूस किया गया.
दहशत में आए लोग
स्थानीय निवासी लोकेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अचानक झटके महसूस हुए, इससे ऐसा लगा जैसे कोई भारी वाहन गुजरने के कारण कंपन्न हुआ हो. लोगों ने जब एक-दूसरे से संपर्क कर जानकारी जुटाई तब भूकंप की पुष्टि हुई. उन्होंने कहा कि भूकंप से कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बना गया था. हालांकि, गनीमत रही कि भूकंप के झटकों में किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ.