बीजेपी का हरियाणा में बड़ा फेरबदल; डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया, एक महिला को कमान, मोहन लाल बडौली की जगह लेंगी
Dr. Archana Gupta Appointed As Haryana BJP State President
Haryana BJP New President: बीजेपी ने डॉ. अर्चना गुप्ता (Dr. Archana Gupta) को हरियाणा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने यह अहम नियुक्ति की है। खास बात यह है कि 'नारी वंदन और शक्ति' की दिशा में बढ़ते हुए बीजेपी ने एक महिला को हरियाणा बीजेपी का अध्यक्ष पद सौंपा है। मसलन हरियाणा बीजेपी की कमान अब एक महिला के हाथों में होगी। बीजेपी का यह फैसला देश की आधी आबादी के प्रति एक संदेश देने की कोशिश भी है।
मोहन लाल बडौली की जगह लेंगी अर्चना गुप्ता
डॉ. अर्चना गुप्ता बतौर अध्यक्ष मोहन लाल बडौली की जगह लेंगी। अब तक मोहन लाल बडौली हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभाल रहे थे। अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद बीजेपी में उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। गौरतलब है कि हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष को बदले जाने की तैयारी लंबे समय से चल रही थी और इस बीच कई चेहरों को लेकर कयास पर कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन बीजेपी ने एक बार फिर से चौंका दिया।
वहीं इधर प्रदेश अध्यक्ष जैसी बड़ी ज़िम्मेदारी मिलने पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने हाईकमान का आभार व्यक्त किया है। अर्चना गुप्ता ने फेसबुक पोस्ट करते हुए लिखा, ''भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री नितिन जी एवं शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार। मुझे भारतीय जनता पार्टी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ निभाने का संकल्प लेती हूँ। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि हर उस कार्यकर्ता का है जो संगठन की विचारधारा और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर समर्पित है। आप सभी के स्नेह, विश्वास एवं शुभकामनाओं के लिए हृदय से धन्यवाद।''

कौन हैं डॉ. अर्चना गुप्ता?
जानकारी के मुताबिक, पेश से डॉक्टर अर्चना गुप्ता (Dr. Archana Gupta) हरियाणा के पानीपत से ताल्लुक रखती हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पहले अर्चना गुप्ता भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री थीं। इसके अलावा वह पानीपत जिले की बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष और पानीपत बीजेपी जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। वहीं अर्चना गुप्ता 4 सितंबर 2016 से 18 अगस्त 2020 तक महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रही हैं। मसलन डॉ. अर्चना गुप्ता की बीजेपी में सक्रिय सदस्य की भूमिका रही है और अब उन्हें हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।
9 जुलाई 2024 को बडौली बने थे प्रदेश अध्यक्ष
बीजेपी हाईकमान ने 9 जुलाई 2024 को मोहन लाल बडौली को बीजेपी हरियाणा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। विधानसभा चुनाव 2024 से पहले बडौली को यह अहम ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी। बडौली ने उस समय बतौर प्रदेश अध्यक्ष सीएम नायब सिंह सैनी की जगह ली थी। बडौली हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर ढेढ साल से ज्यादा समय तक रहे. इस दरमियान बडौली के नेतृत्व में ही बीजेपी ने प्रदेश के अंदर विधानसभा, लोकसभा और अन्य चुनाव भी जीते। हालांकि इस बीच वह विवादों में भी आए। फिलहाल मोहन लाल बडौली का हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटना उनके समर्थकों के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।