दिल्ली में भीषण सड़क हादसा; वित्त मंत्रालय के डिप्टी सेक्रेटरी की दर्दनाक मौत, पत्नी की भी हालत गंभीर, BMW कार ने मारी टक्कर

Delhi Dhaula Kuan Acident Deputy Secretary Finance Ministry Death
Delhi Dhaula Kuan Accident: राजधानी दिल्ली में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां धौला कुआं इलाके में एक BMW कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि कार और बाइक दोनों के परखच्चे उड़ गए। वहीं इस हादसे में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में तैनात डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौत हो गई। वह बाइक पर अपनी पत्नी के साथ जा रहे थे। नवजोत सिंह की पत्नी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हैं और उनका निजी अस्पताल में लगातार इलाज चल रहा है।
महिला चला रही थी BMW कार
बताया जाता है कि, जिस दौरान यह हादसा हुआ। उस वक्त नवजोत सिंह अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर गुरुद्वारे में माथा टेकने निकले थे। वहीं जिस BMW कार ने नवजोत सिंह की बाइक को टक्कर मारी। उसे एक महिला चला रही थी और उस महिला का पति भी उसके साथ वाली सीट पर बैठा हुआ था। रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के बाद BMW सवार पति-पत्नी ही नवजोत सिंह और उनकी पत्नी को लेकर टैक्सी से अस्पताल पहुंचे। हादसे में BMW सवार महिला और उसके पति को भी चोटें आईं हैं, उनका भी इलाज चल रहा है।
दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR
वित्त मंत्रालय में तैनात डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह हरि नगर के निवासी थे। वहीं BMW कार सवार आरोपी गुरुग्राम के रहने वाले हैं और कारोबारी हैं। हादसे को लेकर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। पुलिस ने BMW कार और नवजोत सिंह की बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल की जांच की गई है। FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला द्वारा चलाई जा रही BMW कार तेज रफ्तार में थी। जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।