CSK के स्टार खिलाड़ी को कम उम्र में शादी करना पड़ा भारी, पत्नी ईशानी के साथ तलाक के बाद बयां किया अपना दर्द
Cricketer Rahul Chahar Divorce
आगरा: Cricketer Rahul Chahar Divorce: क्रिकेटर राहुल चाहर ने फैशन डिजाइनर पत्नी ईशानी जौहर से तलाक ले लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया X पर तलाक का ऐलान किया. परिवार अभी इस विषय पर बोलने के लिए तैयार नहीं है.
राहुल चाहर ने लिखा कि- 'फाइनली यह चैप्टर क्लोज कर रहा हूं. कुछ रिश्ते हमेशा के लिए नहीं होते. वह हमें जगाते हैं, सिखाते हैं और बदलते हैं. मैं गुस्से या पछतावे के साथ नहीं बल्कि पूरी स्पष्टता के साथ यह रिश्ता यहीं खत्म करता हूं'.
क्रिकेटर राहुल चाहर ने अपने वैवाहिक जीवन को लेकर X पर भावनाएं जाहिर की हैं. उन्होंने लिखा कि- 'आखिरकार 15 महीनों तक कोर्ट के चक्कर लगाने के दौरान हमने धैर्य से, शांत रहकर सच को स्वीकार किया.'
'इन सबके बाद आज यह चैप्टर क्लोज हो रहा है. यह कोई अंत नहीं बल्कि रिलीज है. यहां से रिसेट होगा. मैं सेल्फ रेस्पेक्ट, शांति और बेहतर च्वाइस के साथ हूं. इन सबसे बहुत बड़ी सीख मिली है.'
गोवा में की थी शादी: क्रिकेटर राहुल चाहर ने 22 साल की उम्र में 9 मार्च 2022 को बेंगलुरु की फैशन डिजाइनर ईशानी जौहर के साथ गोवा में डेस्टिनेशन वेडिंग की थी. दोनों की मुलाकात एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी. जान पहचान के बाद बातें और मिलना शुरू हुआ.
दोनों कई साल तक एक-दूसरे को डेट करते रहे. इसके बाद शादी की. शादी में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों के साथ ही कई क्रिकेटर, सेलिब्रिटी शामिल हुए थे. शादी के 4 साल बाद ही दोनों ने एक दूसरे से अलग होने का फैसला किया.
कौन हैं क्रिकेटर राहुल चाहर: इंटरनेशनल क्रिकेटर राहुल चाहर जन्म 4 अगस्त 1999 को राजस्थान के भरतपुर में हुआ था. पिता देशराज सिंह चाहर प्रॉपर्टी कारोबारी हैं. अब राहुल चाहर के पिता देशराज सिंह और उनकी मां आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में रहते हैं.
राहुल ने 16 साल की उम्र में 2016-17 राजस्थान के लिए रणजी ट्रॉफी खेलकर फर्स्ट क्लास डेब्यू किया. राहुल ने अपनी मेहनत और स्पिन गेंदबाजी से राजस्थान टीम के साथ ही अंडर-19 इंडियन टीम और इसके बाद इंडिया-ए टीम में जगह बनाई.
T20 में शानदार प्रदर्शन करने वाले राहुल चाहर ने 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट से IPL में डेब्यू किया. क्रिकेटर राहुल चाहर के मौसेरे भाई दीपक चाहर भी इंटरनेशनल क्रिकेटर हैं.