बाराबंकी में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में नाराज़गी, बिना उपयोग भी कट रहा बिजली बिल
Consumer Outrage Over Smart Meters in Barabanki
बाराबंकी: Consumer Outrage Over Smart Meters in Barabanki, उत्तर प्रदेश में विद्युत व्यवस्था को सुचारु और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत सप्लाई देने का सरकार दावा कर रही है। वहीं, विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन गए हैं। आरोप है कि उपभोक्ताओं के बिना सहमति के विद्युत मीटर की प्रीपेड मोड में बदल दिया गया है। स्मार्ट मीटर लगने से बिना बिजली उपयोग के ही प्रतिदिन ₹40 से ₹85 तक बिल कट रहा है और मीटर में बैलेंस नेगेटिव होते ही बिना किसी सूचना के बिजली कनेक्शन काट दिया जा रहा है। शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
बिना इस्तेमाल के आ रहा है बिजली बिल
माती इलाके के श्रीरामस्वरूप यूनिवर्सिटी के पास रहने वाली सुषमा कुमारी ने बताया कि उन्होंने नए घर के लिए 18 फरवरी 2026 को बिजली कनेक्शन लिया था। जिसके साथ स्मार्ट मीटर लगाया गया, लेकिन बिजली का प्रयोग न करने के बावजूद प्रतिदिन 40 से 85 रुपये तक बिल कट रहा है। उन्होंने बताया कि एक महीने का बिल 1955 रुपये आया था। जिसे जमा करने के बाद भी अब भी बिना बिजली इस्तेमाल किए लगातार प्रतिदिन 40 रुपये 49 पैसे प्रतिदिन बैलेंस कट रहा है। बिल जमा करने के बाद भी फिर से बकाया दिखाया जा रहा है।
कोई सुनवाई नहीं हो रही है- गया प्रसाद
कोहली पुरवा निवासी गया प्रसाद ने बताया कि 16 मार्च 2026 में ₹5800 और फिर 12 अप्रैल को 2000 रुपये बिजली बिल जमा किया था। चार दिन बीतने के बाद फिर 1200 रुपये बैलेंस बिल दिखा रहा था। बुधवार को 1300 रुपये बिल दिखाया और विद्युत लाइन कट गई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले बिजली का बिल 200 रुपये से 300 रुपये बिजली बिल प्रति माह जमा करते थे, लेकिन जब से स्मार्ट मीटर लगाया गया है। बिल और अचानक बिजली कटने से परेशानी बढ़ गई है।
गया प्रसाद ने बताया कि गलत बिल की शिकायत लेकर विद्युत उपकेंद्र गया था, जहां अधिकारियों ने बताया कि इस समस्या का निवारण 1912 से होगा। यहां से नहीं हो सकता है। वहीं, उपभोक्ताओं को हेल्पलाइन नम्बर से भी समाधान नहीं हो पा रहा है। क्षेत्रीय अवर अभियंता विद्युत एस.पी सिंह ने बताया समस्या संज्ञान में आते ही उनका पूर्ण निस्तारण कराया जाएगा।