नीट परीक्षा रद्द होने पर कांग्रेस का बड़ा हमला: राहुल गांधी और खरगे ने मांगा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Congress Launches Major Attack Over NEET Exam
नई दिल्ली। Congress Launches Major Attack Over NEET Exam, पेपर लीक के चलते नीट परीक्षा रद होने के बाद छात्रों के बीच बढ़ती हताशा की घटनाओं को देखते हुए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने जवाबदेही तय करने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शिक्षण संस्थानों में सत्ता संरक्षित लोगों द्वारा गठजोड़ कर नीट पेपर लीक को पैसे कमाने का जरिया बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि दो साल से रात दिन परिश्रम करने वाले 22 लाख छात्रों की मेहनत पर पानी फेरा गया है।
'2 करोड़ युवाओं का भविष्य हुआ खराब'
पेपर लीक पर सरकार को लगातर घेर रहे राहुल गांधी ने शनिवार को एक वीडियो बयान में कहा कि पूरा देश जानता है कि परीक्षा से दो दिन पहले व्हाटस एप पर नीट का पेपर बांटा जा रहा था मगर शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान कहते हैं कि इससे मेरा कोई लेना-देना नहीं। संसदीय समिति ने सुधार की सिफारिशें की थी मगर शिक्षा मंत्री ने यह कहते हुए इसे कचरे में डाल दिया कि इसमें विपक्षी दलों के सदस्य बैठे हैं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा, 'सच्चाई यह है कि देश के सबसे अहम शिक्षा क्षेत्र को आरएसएस, भाजपा और हमारे विश्वविद्यालयों में कुलपति, प्रोफेसर बनाए गए इनके लोगों के बीच पैसे बनाने का एक नेक्सस है। इस गठजोड़ ने देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था को खत्म कर दिया है और देश जानता है कि आरएसएस से हैं तो बिना विषय ज्ञान तथा अनुभव के भी आप कुलपति बन सकते हैं।'
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'यदि नहीं हैं तो कितना भी काबिल हों वीसी नहीं बन सकते। यही है कारण कि 80 बार पेपर लीक हुआ है और दो करोड़ युवाओं का भविष्य खराब हुआ है।'
नेता विपक्ष ने कहा, 'प्रधानमंत्री को धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफे देने का आदेश देना चाहिए या बर्खास्त करना चाहिए और पेपर लीक के दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजना चाहिए।
NEET के 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है। पर मोदी जी एक शब्द भी नहीं बोल रहे।
धर्मेंद्र प्रधान जी को अभी हटाइए, या जवाबदेही ख़ुद लीजिए।
खरगे ने भी सरकार पर साधा निशाना
पेपर लीक के सदमे से छात्र-छात्राओं के आत्महत्या की खबरों पर चिंता जताते हुए एक्स पोस्ट में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'लखीमपुर खीरी के ऋतिक मिश्रा, दिल्ली की अंशिका पांडेय, राजस्थान के झुंझुनूं से प्रदीप मेघवाल, गोवा में रह रहे बेंगलुरु के छात्र सबने ये आत्मघाती कदम उठाया है। किसी ने बचपन से सपना देखा, किसी ने परिवार की उम्मीदों के लिए सब कुछ दांव पर लगा दिया, सालों तैयारी की। लेकिन मोदी सरकार की भ्रष्ट और निकम्मी व्यवस्था ने उनके सपनों को रौंद दिया।'
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अब तो खुद 'फैक्ट चेक' करने लगे हैं और कल उन्होंने 'ईज ऑफ लिविंग' पर पोस्ट किया पर नीट पेपर लीक और छात्रों की आत्महत्या पर चुप्पी साधे रहे।'
खरगे ने आगे लिखा, '2024 नीट पेपर लीक में जिन अधिकारियों पर सवाल उठे, उन्हें सजा नहीं मिली, बल्कि मलाईदार पद दे दिए गए और यही कारण है कि हर साल युवाओं का भविष्य लूटा जा रहा है।'
खरगे ने बताया, 'हालत ये है की अब दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन ने शिक्षा मंत्री को पत्र लिखा है कि अब पानी सिर के ऊपर जा चुका है। शिक्षा मंत्री के तुरंत इस्तीफे की मांग करते हुए खरगे ने पीएम मोदी से कहा कि 'परीक्षा-लीक पर चर्चा' कीजिए, चुप रहने से कुछ नहीं होगा।'