यूपी को स्टार्टअप हब बनाने की तैयारी, सीएम योगी ने नई स्टार्टअप नीति-2026 के दिए निर्देश
- By Gaurav --
- Monday, 08 Jun, 2026
CM Yogi Directs Preparation of
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य को देश का अग्रणी स्टार्टअप गंतव्य बनाने के उद्देश्य से नई स्टार्टअप नीति-2026 तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति, विशाल बाजार, तेजी से विकसित हो रहा डिजिटल एवं औद्योगिक आधार तथा निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण राज्य को नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की क्षमता रखते हैं।
रविवार को आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित स्टार्टअप नीति-2026 के विभिन्न प्रावधानों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नई नीति ऐसी होनी चाहिए जो युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाए और प्रदेश को स्टार्टअप एवं नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाए।
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उत्तर प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में स्टार्टअप इकोसिस्टम के विकास में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2018 में ‘एस्पायरिंग लीडर’ श्रेणी में शामिल राज्य वर्ष 2025 में भारत सरकार की स्टार्टअप रैंकिंग में ‘टॉप परफॉर्मर’ श्रेणी तक पहुंच चुका है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नई नीति में स्टार्टअप्स को शुरुआती चरण से लेकर विस्तार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा तक हर स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए भरण-पोषण भत्ता, प्रोटोटाइप अनुदान, सीड कैपिटल सहायता, पेटेंट और गुणवत्ता प्रमाणन से जुड़े प्रोत्साहनों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिला उद्यमियों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर उद्यमियों तथा पूर्वांचल और बुंदेलखंड क्षेत्रों के स्टार्टअप्स को विशेष प्रोत्साहन देने के लिए भी नीति में उपयुक्त प्रावधान शामिल किए जाने चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश को नवाचार, उद्यमिता और तकनीकी विकास का केंद्र बनाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।