CM Yogi Assures Financial Support

जनता दर्शन में छात्रा की गुहार पर CM योगी का बड़ा आश्वासन, बीटेक पढ़ाई में नहीं आने देंगे आर्थिक बाधा

undefined

CM Yogi Assures Financial Support

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान एक छात्रा की शिक्षा से जुड़ी समस्या पर मुख्यमंत्री ने विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए सहायता का आश्वासन दिया।

जनता दर्शन में पहुंची छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसने इंटरमीडिएट परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की है और वह बीटेक करना चाहती है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उसकी आगे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रा की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने उसकी मार्कशीट देखी और उसकी मेहनत की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने छात्रा को पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने की सलाह देते हुए आश्वासन दिया कि उसे लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में प्रवेश दिलाने में मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी प्रतिभाशाली और जरूरतमंद छात्र की शिक्षा आर्थिक कारणों से बाधित नहीं होने देगी।

कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने पुलिस की कथित लापरवाही और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों की शिकायत भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में कुछ लोग अपनी शिकायत लेकर सीधे मुख्यमंत्री के पास पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने पहले जिला या मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखी थी। कई फरियादियों ने बताया कि वे सीधे जनता दर्शन में आए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहले जिला और मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क करें, क्योंकि अधिकांश मामलों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही किया जा सकता है। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों से स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी।