IAS एच राजेश प्रसाद होंगे चंडीगढ़ के नए मुख्य सचिव; अभी जम्मू-कश्मीर पोस्टेड, राजीव वर्मा के दिल्ली तबादले के बाद नियुक्ति

IAS H Rajesh Prasad Became New Chief Secretary of Chandigarh
Chandigarh New Chief Secretary: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने चंडीगढ़ के नए मुख्य सचिव की नियुक्ति की है। एजीएमयूटी कैडर 1995 बैच के आईएएस अधिकारी एच राजेश प्रसाद को चंडीगढ़ का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। राजेश प्रसाद अभी वर्तमान में जम्मू-कश्मीर पोस्टेड हैं। यहां से जल्द रिलीव होकर वह चंडीगढ़ प्रशासन जॉइन करेंगे और बतौर चीफ सेक्रेटरी अपनी सेवा देंगे। वह पूर्व मुख्य सचिव आईएएस राजीव वर्मा की जगह लेंगे। जिनका तबादला दिल्ली किया गया है।
कौन हैं IAS एच राजेश प्रसाद?
IAS एच राजेश प्रसाद का जन्म 1 जून 1967 को कर्नाटक में हुआ था। IAS प्रसाद ने बी.कॉम की पढ़ाई के बाद LLB की डिग्री ली और इसके बाद इग्नू व पुडुचेरी यूनिवर्सिटी से फाइनेंस और पब्लिक मैनेजमेंट में एमबीए किया। उन्होंने प्रशासनिक सेवा में अपने करियर की शुरुआत जिला कलेक्टर के रूप में अरुणाचल प्रदेश से की थी। IAS प्रसाद साउथ दिल्ली के डिप्टी कमिश्नर भी रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कई अहम विभागों और पदों पर काम किया है। वह एक अच्छा प्रशासनिक अनुभव रखते हैं और उनकी कुशल क्षमतावान अफसरों में गिनती होती है। उम्मीद है कि उनके इसी प्रशासनिक अनुभव का लाभ चंडीगढ़ को भी मिलेगा.
मंदीप बराड़ को दिया था मुख्य सचिव का चार्ज
इससे पहले आईएएस राजीव वर्मा के चंडीगढ़ प्रशासन से रिलीव होने बाद और अगले स्थायी मुख्य सचिव की नियुक्ति होने तक मुख्य सचिव पद की अस्थाई ज़िम्मेदारी हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी मंदीप सिंह बराड़ को सौंपी गई थी। 30 सितंबर को चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया था कि मंदीप सिंह बराड़ अपने मौजूद कार्यभार के साथ-साथ न केवल मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी संभालेंगे, बल्कि राजीव वर्मा के पास मौजूद सभी विभागों का दायित्व भी अगले आदेश तक उनके पास ही होगा। फिलहाल मंदीप बराड़ अब CS के चार्ज से मुक्त जाएंगे।
राजीव वर्मा दिल्ली के नए चीफ सेक्रेटरी बने
चंडीगढ़ के मुख्य सचिव पद से रिलीव हुए राजीव वर्मा अब दिल्ली के नए चीफ सेक्रेटरी बने हैं। हाल ही में 28 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनका तबादला चंडीगढ़ से दिल्ली कर दिया था। एजीएमयूटी कैडर 1992 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव वर्मा 29 जनवरी 2024 को बतौर चंडीगढ़ एडवाइजर पोस्टेड हुए थे। इसके बाद उन्होंने 7 फरवरी को अपना पदभार ग्रहण किया था। वहीं बाद में जब केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ एडवाइजर का पद खत्म कर दिया और इसकी जगह 'मुख्य सचिव' पद लाया गया तो राजीव वर्मा एडवाइजर से चंडीगढ़ के मुख्य सचिव बन गए थे।