IAS मंदीप बराड़ को चंडीगढ़ के मुख्य सचिव का चार्ज; राजीव वर्मा को रिलीव किया गया, वह अब दिल्ली के नए चीफ सेक्रेटरी होंगे

IAS Mandip Brar Gets Additional Charge of Chief Secretary Chandigarh
Chandigarh Chief Secretary: आईएएस राजीव वर्मा को चंडीगढ़ प्रशासन से रिलीव कर दिया गया है. साथ ही उनकी जगह अब मुख्य सचिव पद की अस्थाई ज़िम्मेदारी हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी मंदीप सिंह बराड़ को सौंपी गई है। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मंदीप सिंह बराड़ अपने मौजूद कार्यभार के साथ-साथ न केवल मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी संभालेंगे, बल्कि राजीव वर्मा के पास मौजूद सभी विभागों का दायित्व भी अगले आदेश तक उनके पास ही होगा।
अभी चंडीगढ़ के गृह सचिव हैं मंदीप बराड़
मंदीप बराड़ हरियाणा कैडर 2005 बैच के आईएएस अफसर हैं और वर्तमान में वह चंडीगढ़ के गृह सचिव पद पर नियुक्त हैं। उन्हें पिछले साल अगस्त में ही हरियाणा से 3 साल की डेपुटेशन पर बतौर चंडीगढ़ गृह सचिव पोस्ट किया गया था। इससे पहले बराड़ चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर भी रह चुके हैं। साथ ही उन्होंने हरियाणा सरकार के अंतर्गत कई अहम विभागों और पदों पर काम किया है। इस तरह से मंदीप बराड़ एक अच्छा प्रशासनिक अनुभव रखते हैं और उनकी कुशल क्षमतावान अफसरों में गिनती होती है।
राजीव वर्मा अब दिल्ली के नए चीफ सेक्रेटरी होंगे
चंडीगढ़ के मुख्य सचिव पद से रिलीव हुए राजीव वर्मा अब दिल्ली के नए चीफ सेक्रेटरी होंगे। हाल ही में 28 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनका तबादला चंडीगढ़ से दिल्ली कर दिया था और कहा गया था कि वह 1 अक्टूबर 2025 से बतौर दिल्ली मुख्य सचिव अपना कार्यभार संभाल सकते हैं। जिसके बाद आज 30 सितंबर को उनकी दिल्ली जॉइनिंग से एक दिन पहले उन्हें चंडीगढ़ प्रशासन की सेवा से रिलीव कर दिया। जिसके बाद आईएएस राजीव वर्मा अपनी नई जॉइनिंग के लिए चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
जनवरी 2024 में बतौर चंडीगढ़ एडवाइजर पोस्टेड हुए
एजीएमयूटी कैडर 1992 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव वर्मा 29 जनवरी 2024 को बतौर चंडीगढ़ एडवाइजर पोस्टेड हुए थे। इसके बाद उन्होंने 7 फरवरी को अपना पदभार ग्रहण किया था। वहीं बाद में जब केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ एडवाइजर का पद खत्म कर दिया और इसकी जगह 'मुख्य सचिव' पद लाया गया तो राजीव वर्मा एडवाइजर से चंडीगढ़ के मुख्य सचिव बन गए थे। ज्ञात रहे कि, चंडीगढ़ प्रशासक के एडवाइजर का पद हटाए जाने से काफी विवाद भी हुआ था।
पुडुचेरी के चीफ सेक्रेटरी रहे राजीव वर्मा
आईएएस अधिकारी राजीव वर्मा का एक लंबा प्रशासनिक करियर है और इस क्षेत्र में उतना ही गहरा उनका अनुभव है। उन्होंने कई बड़े और अहम पदों पर काम किया है। जब वह चंडीगढ़ नियुक्त किए गए थे तो उस समय वह पुडुचेरी के चीफ सेक्रेटरी थे। वहां से राजीव वर्मा का तबादला चंडीगढ़ हुआ था। पुडुचेरी से पहले राजीव वर्मा दिल्ली, गोवा, अरुणाचल प्रदेश में सचिव रैंक पर काम कर चुके हैं। आईएएस राजीव वर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।