रात 9 बजे बंगाल में सड़कों पर चला बुलडोजर, TMC के ऑफिस को किया तहस-नहस, ममता की पार्टी बोली- 'BJP ने...'
Bulldozers Roll on Bengal's Streets at 9 PM
Bulldozers Roll on Bengal's Streets at 9 PM: कोलकाता के मशहूर हॉग मार्केट (न्यू मार्केट) के करीब मंगलवार रात जमकर बवाल हुआ। आरोप है कि भीड़ ने बुलडोजर लाकर टीएमसी के न्यू मार्केट यूनियन दफ्तर को तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मयों को मौके पर भेजा गया। इलाके के आस-पास पुलिस ने अपनी गश्त बढ़ा दी है। बुलडोजर एक्शन में दफ्तर को पूरी तरह ढहा दिया गया।
इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस, महुआ मोइत्रा समेत टीएमसी के कई नेताओं ने वीडियो शेयर कर बीजेपी पर बुलडोजर चलाने का आरोप लगाया है। टीएमसी ने आधिकारिक बयान जारी कर आरोप लगाया है कि चुनाव से पहले 'भरोसा' देने वाली BJP अब राज्य में 'बुलडोजर' और 'गुंडागर्दी' की राजनीति पर उतर आई है।
टीएमसी ने क्या लगाया आरोप?
पार्टी ने एक्स हैंडल पर लिखा,"भाजपा समर्थकों की भीड़ ने न्यू मार्केट इलाके के पास जमकर उत्पात मचाया, दुकानें तोड़ दीं और तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की। यह उस पार्टी का जश्न है जिसने भरोसे की बातें कीं और आतंक फैलाया।"
पार्टी ने आगे लिखा,"नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने अपने कार्यकर्ताओं को सड़कों पर मनमानी करने, अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को रौंदने, जिसे चाहे उस पर हमला करने, उसे प्रताड़ित करने और जान से मारने का लाइसेंस दे दिया है। और केंद्रीय बलों को एक ही निर्देश दिया गया है। पीछे हट जाओ और जो हो रहा है होने दो। आज दुकानें हैं। कल राजनीतिक विरोधी होंगे। फिर बंगाल के प्रतिष्ठित व्यक्तियों की मूर्तियां होंगी। और अंत में गरीबों और कमजोरों के घर होंगे। लेकिन बंगाल में जहां भी भाजपा का बुलडोजर चलेगा, उसे एक दीवार का सामना करना पड़ेगा। प्रतिरोध की दीवार, अवज्ञा की दीवार। हम राज्य प्रायोजित आतंकवाद की इस नीति का मुकाबला करेंगे।"
महुआ मोइत्रा ने शेयर किया वीडियो
महुआ मोइत्रा ने एक्स पर घटना का एक वीडियो शेयर किया और सत्ताधारी दल के नैरेटिव पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि कोलकाता का ऐतिहासिक न्यू मार्केट। बंगाली 'परिवर्तन' का आनंद ले रहे हैं। अपनी आलोचना को जोर देने के लिए BJP के चुनावी नारे का इस्तेमाल किया।
टीएमसी के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने यह भी आरोप लगाया कि यह तोड़फोड़ सरकारी निगरानी में की गई थी। उन्होंने एक पोस्ट में कहा कि मध्य कोलकाता में, न्यू मार्केट के पास। पुलिस की अनुमति से। जीत के जश्न के हिस्से के तौर पर, मांस की दुकानों को गिराने के लिए एक बुलडोजर लाया गया। CAPF के जवान आस-पास खड़े थे। उन्होंने आगे कहा कि यही है BJP। दुनिया इन तस्वीरों को देखे।
चुनाव आयोग ने हिंसा और तोड़फोड़ पर कड़ा रुख अपनाया
हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), कोलकाता पुलिस कमिश्नर और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के महानिदेशक को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। आयोग ने साफ कर दिया है कि अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रशासन को 'एक्शन मोड' में रहने का आदेश दिया है। इसके तहत सभी जिला मजिस्ट्रेटों (DM), पुलिस अधीक्षकों (SP) और थाना स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त (Constant Patrolling) बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सुरक्षा बलों की मौजूदगी जमीन पर दिखाई दे, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा हो और उपद्रवियों पर नकेल कसी जा सके। अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि वे स्थिति की चौबीसों घंटे निगरानी करें और किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दें।