Bilaspur Police Bust Drug Network

बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28.40 ग्राम चिट्टा बरामद; पंजाब से सप्लायर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

nasa

Bilaspur Police Bust Drug Network

बिलासपुर। नशा तस्करी और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 28.40 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पंजाब से पकड़ा गया एक कथित सप्लायर भी शामिल है।

पहले मामले में स्वारघाट थाना क्षेत्र में पुलिस के विशेष अन्वेषण दल ने नाकाबंदी के दौरान 21.12 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चिट्टा सप्लाई नेटवर्क का खुलासा करते हुए पंजाब के गंगूवाल (आनंदपुर साहिब) में दबिश देकर मुख्य सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में स्वारघाट थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

दूसरे मामले में भराड़ी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान टकरेहड़ा-बरोटा निवासी 32 वर्षीय युवक के कब्जे से 7.28 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके अलावा, 16 जुलाई को दर्ज एक अन्य चिट्टा तस्करी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक और 28 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पंजाब से चिट्टा मंगवाकर बिलासपुर सदर क्षेत्र में सप्लाई करने की तैयारी में था।

पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।