बिहार की मंत्री श्रेयसी सिंह पहुंचीं मुख्यमंत्री आवास, सम्राट चौधरी को खिलाई मिठाई; बोलीं- हमारे परिवार में नन्हे मेहमान का हुआ आगमन
Bihar Minister Shreyasi Singh visited the Chief Minister's
भागलपुर। Bihar Minister Shreyasi Singh visited the Chief Minister's , बिहार की खेल व उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह के परिवार में एक नन्हे मेहमान का आगमन हुआ है। उनकी बड़ी बहन मानसी सिंह को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है, जिससे पूरे परिवार में उत्सव का माहौल है। श्रेयसी सिंह और मानसी सिंह दो बहनें हैं, जो पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिग्विजय सिंह और पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की संतान हैं। इस बड़ी और सुखद खबर के बाद से ही लगातार बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
मुख्यमंत्री आवास पर कराया मुंह मीठा
इस सुखद अवसर पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने पटना में मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का मुंह मीठा कराया। इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस खुशी के मौके पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और नवजात शिशु के लिए स्नेहिल आशीर्वाद प्रेषित किया। श्रेयसी सिंह ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की है।
सोशल मीडिया पर बयां की दिल की खुशी
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि परम पूज्य दादा जी स्वर्गीय कुमार सुरेंद्र सिंह, पूज्य पिता स्वर्गीय दिग्विजय सिंह की असीम कृपा एवं माता पुतुल कुमारी के आशीर्वाद से बड़ी बहन मानसी सिंह को पुत्र हुआ है। उन्होंने आगे लिखा कि परिवार के लिए इतनी बड़ी खुशी के उपलक्ष्य पर आशीर्वाद की शुभेक्षा से माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी का मुंह मीठा कराया। मैं ईश्वर से नवजात शिशु के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करती हूँ।
तीन वर्ष पूर्व बक्सर में हुई थी शादी
बता दें कि बक्सर जिला निवासी श्वेताभ सिंह के साथ मानसी सिंह की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व संपन्न हुई थी। वर्तमान में मानसी सिंह अपने पति और ससुराल वालों के साथ मसूरी में रहती हैं, जहां से यह बड़ी खुशखबरी आई है। राजनीतिक गलियारों में भी इस खबर को लेकर काफी चर्चा है। गौरतलब है कि श्रेयसी सिंह जमुई विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बेहद सक्रिय और लगातार दूसरी बार की लोकप्रिय विधायक हैं।
नीतीश कैबिनेट में भी मिली थी जगह
जब वे दूसरी बार विधायक चुनी गईं, तो तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कैबिनेट में उन्हें जगह देते हुए खेल मंत्री और आईटी विभाग का जिम्मा सौंपा था। वे बिहार की पहली खेल मंत्री बनी थीं। इसके बाद जब बिहार में बड़ा राजनीतिक उलटफेर हुआ और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार का गठन हुआ, तब भी श्रेयसी सिंह का कद बरकरार रहा। वे खेल मंत्री के साथ-साथ वर्तमान में उद्योग मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
पिता स्वर्गीय दिग्विजय सिंह का रहा बड़ा कद
श्रेयसी सिंह के पिता स्वर्गीय दिग्विजय सिंह (दादा) देश और बिहार की राजनीति के बड़े स्तंभ थे। वे बांका से लोकसभा और राज्यसभा सांसद रहने के साथ-साथ केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों के मंत्री भी रहे थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, चंद्रशेखर, जॉर्ज फर्नांडिस, भैरों सिंह शेखावत समेत देश के तमाम बड़े राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं से उनके बेहद मधुर और प्रगाढ़ संबंध थे। वे लंबे समय तक समता पार्टी और फिर जदयू के वरिष्ठ नेताओं में शुमार रहे।
मां पुतुल कुमारी भी रह चुकी हैं सांसद
अपने अंतिम समय में वे बांका लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भारी मतों से चुनाव जीते थे। उनके आकस्मिक निधन के बाद जब बांका सीट खाली हुई, तो श्रेयसी सिंह की मां पुतुल कुमारी वहां से सांसद चुनी गई थीं। इसी राजनीतिक और रसूखदार पृष्ठभूमि वाले परिवार में अब तीसरी पीढ़ी के रूप में नन्हे मेहमान के आने से बिहार के कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में भारी खुशी की लहर देखी जा रही है।
सोहर की पंक्तियों से जताई खुशी
पुतुल कुमारी ने अपनी खुशी का इजहार पारंपरिक सोहर की मशहूर पंक्तियों के साथ करते हुए लिखा, "युग-युग जीवेसु ललनवा, भवनवा के भाग जागल हे... मैं नानी बन गई।" इस पोस्ट के जरिए उन्होंने नन्हे मेहमान का दुनिया में स्वागत किया।
पति को याद कर आंखें हुईं नम
इस ऐतिहासिक खुशी के बीच वे अपने स्वर्गीय पति और इलाके के कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह (दादा) को याद करना नहीं भूलीं। उन्होंने बेहद भावुक होते हुए आगे लिखा, "काश! इस समय दादा (दिग्विजय सिंह) आज हमारे बीच होते।"
सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता
पूर्व सांसद पुतुल कुमारी और श्रेयसी सिंंह की इस भावुक पोस्ट के बाद बांका, जमुई और भागलपुर समेत पूरे बिहार के राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है। लोग नवजात शिशु और मां के उत्तम स्वास्थ्य की लगातार कामना कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर तस्वीर देखने की मची होड़
पुतुल कुमारी और मंत्री श्रेयसी सिंह के सोशल मीडिया पोस्ट पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है, जहां लगातार बच्चे की तस्वीर मांगी जा रही है। प्रशंसक और आम लोग मंत्री श्रेयसी सिंह और उनके परिवार से जुड़े अन्य सदस्यों के सभी सोशल मीडिया एकाउंट्स (फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, यूट्यूब) को लगातार सर्च कर रहे हैं, ताकि वे किसी भी तरह नवजात शिशु की पहली तस्वीर देख सकें। हालांकि अभी तक शिशु की तस्वीर किन्हीं को नहीं मिली है।