खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, इस जिले में बनेगा हॉकी एस्ट्रोटर्फ और सिंथेटिक ट्रैक
- By Gaurav --
- Friday, 06 Feb, 2026
Big boost for the players, a hockey astroturf and synthetic track will be built in this district
अंबाला जिले के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शाहजादपुर क्षेत्र के बड़ागढ़ गांव स्थित आधुनिक खेल स्टेडियम में हॉकी एस्ट्रोटर्फ और एथलेटिक्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
यह जिले का पहला हॉकी एस्ट्रोटर्फ और सिंथेटिक ट्रैक होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीएम कप के दौरान खिलाड़ियों की लगभग पांच वर्ष पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए इस परियोजना की घोषणा की थी।
दिसंबर 2026 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
लोक निर्माण विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और शिव नरेश कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे प्रोजेक्ट को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। खास बात यह है कि अंबाला जिले में पहली बार हॉकी एस्ट्रोटर्फ और सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक एक ही परिसर में तैयार किए जाएंगे।
अब तक जिले में एस्ट्रोटर्फ मैदान की सुविधा नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को घास और मिट्टी के मैदानों पर अभ्यास करना पड़ता था, जबकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं एस्ट्रोटर्फ पर ही आयोजित की जाती हैं। मजबूरी में कई खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए कुरुक्षेत्र और शाहाबाद जैसे शहरों का रुख करना पड़ता था।
सैकड़ों गांवों के युवाओं को मिलेगा लाभ
बड़ागढ़ में चार लेन का सिंथेटिक ट्रैक बनने से धावकों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। नारायणगढ़ और शाहजादपुर क्षेत्र के आसपास के सैकड़ों गांवों के युवाओं को अपने घर के नजदीक ही विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे भविष्य में जिले से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलने की उम्मीद बढ़ गई है।