औरैया: भाजपा नेता का कार पर चढ़कर नोट उड़ाने का वीडियो वायरल, 27,500 रुपये के चालान पर छिड़ा विवाद

औरैया: भाजपा नेता का कार पर चढ़कर नोट उड़ाने का वीडियो वायरल, 27,500 रुपये के चालान पर छिड़ा विवाद

Auraiya: Video of BJP Leader Standing on Car

Auraiya: Video of BJP Leader Standing on Car

 औरैया। शादी समारोह के दौरान पूरे मस्ती के अंदाज में भाजपा नेता का कार के ऊपर खड़े होकर नोट उड़ाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रहा है। इसमें वह और उनके साथी नजर आ रहे। मामला संज्ञान में आने पर परिवहन विभाग ने कार का चालान किया है। हालांकि, इस बात से इन्कार करते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) नानक चंद्र शर्मा ने बताया कि चालान के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।

इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित वीडियो को तेजी से ट्रोल किया जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो के बारे भाजपा जिलामंत्री व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि आदर्श ठाकुर ने कहा कि वीडियो एक शादी समारोह के दौरान गेस्ट हाउस परिसर के अंदर खड़ी गाड़ी का है। न कि सड़क का, और जैसा कि वीडियो में साफ दिख भी रहा है कि गाड़ी चल नहीं रही बल्कि खड़ी है।

गेस्ट हाउस परिसर के अंदर खड़ी गाड़ी के वायरल वीडियो के आधार पर वाहन का चालान किये जाने के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं है। चर्चा है कि वीडियो के आधार पर गाड़ी का 27500 रुपये का चालान भी काटा गया है। मामले के बारे में टीआइ (यातायात निरीक्षक) देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।

चालान कानपुर आरटीओ के आदेश पर

कार के ऊपर खड़े होकर नोट उड़ाने के मामले में भाजपा नेता की कार का चालान किए जाने के मामले में बड़ी बात सामने आई है। चालान कानपुर आरटीओ के आदेश अनुसार किया गया। जबकि स्थानीय तौर पर चालान किए जाने की बात परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कही। अब यह देखना होगा कि आखिरकार इस चालान की कार्रवाई किस जनपद ने की कानपुर या औरैया।