आशुतोष ब्रह्मचारी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए गए आरोपों से पलटा, फर्जी मुकदमे का किया खुलासा

आशुतोष ब्रह्मचारी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए गए आरोपों से पलटा, फर्जी मुकदमे का किया खुलासा

Ashutosh Brahmachari retracts allegations

Ashutosh Brahmachari retracts allegations

 

लखनऊ। Ashutosh Brahmachari retracts allegations, मठ और महंतों की प्रतिद्वंद्विता अब आपराधिक घटनाओं में भी बदलती जा रही है। एक-दूसरे पर गंभीर आरोप और प्रत्यारोप के बाद बाबा लोग पलट भी जा रहे है। ताजा प्रकरण स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का है।

गौ रक्षा के लिए प्रदेश भर में भ्रमण कर रहे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कई केस दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी अब पलट गए हैं। आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा है कि पद्मविभूषण रामभद्राचार्य के शिष्य रामचंद्र दास के कहने पर उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ केस करवाया है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया था कि माघ मेला 2026 और महाकुंभ 2025 के दौरान मठ में रहने वाले नाबालिग बटुकों का स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने यौन उत्पीड़न किया था, मगर अब वह इस आरोप से पलट रहे हैं।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर बटुकों के यौन शोषण का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी अब अपने ही बयान से पलट गए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर फर्जी मुकदमा दायर कराया था। उन्होंने रामचंद्र दास के कहने पर मुकदमा कराया था। उन्होंने इसमें कई अधिकारियों के शामिल होने का भी आरोप लगाया है। कबूलनामा उन्होंने एक वीडियो जारी कर किया है।

अविमुक्तेश्वरानंद पर आशुतोष ब्रह्मचारी का बड़ा खुलासा

आशुतोष ब्रह्मचारी ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि उनके ही गुरुभाई रामचंद्र दास ने गुरु की हत्या करवाने का षड्यंत्र रचा। उन्होंने ही अविमुक्तेश्वरानंद पर फर्जी मुकदमा दायर करवाने की साजिश रची। शंकराचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने का दबाव भी उन पर रामचंद्र ने ही डाला था।

फर्जी वसीयत बनाकर केस दर्ज कराया

आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि रामचंद्र दास ने उनको गुमराह कर अविमुक्तेश्वरानंद पर मुकदमा दर्ज करवाया था। इसे लेकर उन्होंने आज एसएसपी मथुरा को एक शिकायत पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि रामचंद्र ने फर्जी वसीयत बनाकर केस दर्ज कराया और देवा बाबा के आश्रम पर कब्जा कर लिया। वसीयत बनाने वाले के खिलाफ अब ये शिकायत कोर्ट में भी जाएगी।

आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा कि अगर पुलिस ने उनके दबाव में आकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो वह अदालत तक जाएंगे। चाहे कोई भी हो वह सच की लड़ाई लड़ेंगे। पहले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ लड़ी, वो अलग बात है कि सबकुछ दबाव में आकर किया, लेकिन वह कोर्ट में भी लड़ेंगे। वह ये बताएंगे कि किस तरह से रामचंद्र दास ने उनको बर्बाद किया और उत्पीड़न किया और उनसे इतना बड़ा कांड करवाया। ब्रह्मचारी ने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने के लिए मुझे गुमराह किया गया। मुझ पर रामचंद्र ने ही दबाव बनाया। मेरी शिकायत है कि पोत्रा कुंड स्थित आश्रम और उससे जुड़े मामलों में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कब्जा करने की कोशिश की गई। मैं चाहता हूं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है, तो मैं न्यायालय का दरवाजा खटखटाऊंगा।

अब मैं सत्य की लड़ाई लड़ूंगा:आशुतोष ब्रह्मचारी

ब्रह्मचारी ने कहा कि मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि अब मैं सत्य की लड़ाई लड़ूंगा, चाहे सामने कोई भी व्यक्ति हो। मेरे पास कई चैट, रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेज मौजूद हैं, जिनके बारे में मेरा दावा है कि वे इस पूरे मामले की सच्चाई सामने ला सकते हैं। मैं जल्द ही और भी खुलासे करूंगा और अपने पास मौजूद साक्ष्यों को उचित मंच पर प्रस्तुत करूंगा। मेरा उद्देश्य किसी को बदनाम करना नहीं, बल्कि उन तथ्यों को सामने लाना है, जिन्हें मैं महत्वपूर्ण मानता हूं।

षड्यंत्र क्यों रचा, जल्द करूंगा खुलासा

उन्होंने कहा कि वह बहुत ही जल्द इस बात का भी खुलासा करेंगे कि आखिर क्यों अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ ये सब करवाया गया। उनके पास पूरी चैट मौजूद है। इस चैट में मुकदमा करने से लेकर वसीयत बनाने तक की हर एक बात मौजूद है। आशुतोष ने आरोप लगाया कि रामचंद्र की प्लानिंग दो आश्रम हथियाने की थी।

अविमुक्तेश्वरानंद पर क्या है आरोप

प्रयागराज माघ मेले के दौरान शुरू हुए विवाद के बाद तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने बटुकों का यौन उत्पीड़न का आरोप अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाया था। आठ फरवरी को प्रयागराज की स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। पॉक्सो कोर्ट के स्पेशल जज विनोद कुमार चौरसिया ने 21 फरवरी को सुनवाई पूरी होने के बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था।