हिमाचल में तीन आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की घोषणा
Announcement of Developing Three Modern
शिमला। Announcement of Developing Three Modern, हिमाचल प्रदेश में योजनाबद्ध शहरी विकास को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने कार्यकाल के चौथे बजट में एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने राज्य में चंडीगढ़ की तर्ज पर तीन आधुनिक और सुव्यवस्थित टाउनशिप स्थापित करने का एलान किया, जो आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश के शहरी ढांचे को नई पहचान देगी।
मुख्यमंत्री द्वारा बजट घोषणा के दौरान एलान किया है कि जिला सोलन के बद्दी क्षेत्र में “हिम चंडीगढ़” नाम से एक बड़ी टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसके लिए लगभग 3400 बीघा भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है।
हिम पंचकूला और कांगड़ा वैली टाउनशिप
इसके अलावा, जिला सिरमौर में मोरनी के समीप “हिम पंचकूला” तथा जिला कांगड़ा में “वैली टाउनशिप” स्थापित की जाएगी। इन सभी टाउनशिप का विकास हिमुडा द्वारा किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य इन शहरों को पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से विकसित करना है, ताकि यहां रहने वाले लोगों को आधुनिक और बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
क्या सुविधाएं मिलेंगी
इन टाउनशिप में चौड़ी और सुव्यवस्थित सड़कें, आधुनिक आवासीय कॉलोनियां, हरित पार्क, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था और अन्य जरूरी बुनियादी ढांचे की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। सरकार का मानना है कि ये टाउनशिप बड़े शहरों के निकट सरकारी भूमि पर विकसित की जाएंगी, जिससे क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
हिम चंडीगढ़ सिटी बनने से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे
विशेष रूप से बद्दी, जो पहले से ही औद्योगिक क्षेत्र के रूप में प्रसिद्ध है, वहां “हिम चंडीगढ़” बनने से निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यह पहल न केवल शहरीकरण को नई दिशा देगी, बल्कि प्रदेश में योजनाबद्ध विकास को भी मजबूती प्रदान करेगी। आने वाले वर्षों में ये टाउनशिप हिमाचल प्रदेश के लिए आधुनिक, व्यवस्थित और आकर्षक शहरों के रूप में उभर सकती हैं, जिससे राज्य की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी।