Anna Hazare on Arvind Kejriwal- केजरीवाल के गिरफ्तार होने पर अन्ना हजारे का बड़ा बयान; गिरफ्तारी पर यह क्या-क्या कह डाला?

केजरीवाल के गिरफ्तार होने पर अन्ना हजारे का बड़ा बयान; गिरफ्तारी पर यह क्या-क्या कह डाला? इस बात को याद कर दुख जाहिर किया

Anna Hazare on Arvind Kejriwal Arrested By ED News Latest

Anna Hazare on Arvind Kejriwal Arrested By ED News Latest

Anna Hazare on Arvind Kejriwal: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी ने शराब घोटाले में गिरफ्तार कर लिया है। 21 मार्च की रात 9 बजे केजरीवाल की गिरफ्तारी की गई। वहीं अब केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का बड़ा बयान सामने आया है। अन्ना हजारे का कहना है कि, केजरीवाल की गिरफ्तारी उनके अपने ही कर्मों से हुई है। अन्ना हजारे ने कहा कि कभी केजरीवाल उनके साथ काम करके शराब के खिलाफ आवाज उठाते थे। लेकिन मुझे दुख हो रहा है कि वही केजरीवाल अब खुद शराब की नीति बनाने लगे हैं। इसीलिए आज उनकी गिरफ्तारी भी हुई है।

बता दें कि, अन्ना हजारे ने महाराष्ट्र में अहमदनगर से ये बयान जारी किया। अन्ना हजारे ने अपने तरीके में कहा- अरविंद केजरीवाल ने मुझे परेशान किया है, अरविंद केजरीवाल जैसा आदमी जो मेरे साथ काम करता था। शराब के बारे में हम लोगों ने आवाज उठाई थी, वह आज शराब नीति बना रहा है। इसका मुझे दुख हुआ। लेकिन करेगा क्या, सत्ता के सामने कुछ नहीं चलता। आखिर उसको जो गिरफ्तार किया गया वह उसकी कृति से हुआ। हम यह नहीं करते तो गिरफ्तारी का प्रश्न नहीं होता। अब जो हुआ है वह कानून के तौर पर हुआ है और आगे जो होगा वह होगा, वह सरकार देखेगी। वह सोचेगी।

अन्ना हजारे के साथ एंटी करप्शन मूवमेंट चलाया

ज्ञात रहे कि, साल 2011 में अन्ना हजारे ने भ्रष्टचार के खिलाफ जंग छेड़ी थी और एंटी करप्शन मूवमेंट चलाया था। इस मूवमेंट में अरविंद केजरीवाल के साथ किरण बेदी, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया भी अन्ना हजारे के साथ प्रमुख चेहरा थे। मूवमेंट में  केजरीवाल अन्ना हज़ारे के साथ डट कर खड़े रहे। अन्ना हजारे ने अरविंद केजरीवाल के साथ मिलकर लोकपाल विधेयक को लागू करने की मांग करते हुए इंडिया अगेंस्ट करप्शन ग्रुप (IAC) का गठन भी किया था। इस मांग को लेकर अन्ना हजारे राम लीला मैदान में भूख हड़ताल पर भी बैठे थे। वहीं अन्ना हजारे के बाद केजरीवाल इस मूवमेंट का मुख्य चेहरा बनकर उभरे। इसके बाद केजरीवाल ने अपनी पार्टी का गठन किया और 24 नवंबर 2012 को आम आदमी पार्टी बनाई।