ज्वालामुखी सिविल अस्पताल में फफूंद लगी ब्रेड परोसने का मामला, प्रशासन ने लिया संज्ञान
Administration takes cognizance
ज्वालामुखी। Administration takes cognizance, सिविल अस्पताल ज्वालामुखी में मरीजों को नाश्ते में फफूंद लगी ब्रेड परोसने का गंभीर मामला सामने आया है। इससे अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और मरीजों व तीमारदारों में नाराजगी देखने को मिली।
अस्पताल में भर्ती एक युवती ने नाश्ते में दी गई ब्रेड की गुणवत्ता पर संदेह होने पर उसका वीडियो बनाया। वीडियो में ब्रेड पर स्पष्ट रूप से फफूंद दिखाई दे रही है। इसके बाद यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर चिंता व्यक्त की जाने लगी।
मरीजों और तीमारदारों का आरोप है कि अस्पताल में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता लंबे समय से संतोषजनक नहीं रही है, लेकिन इस बार मामला सामने आने के बाद स्थिति गंभीर हो गई है। लोगों ने मांग की है कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। बीएमओ ज्वालामुखी डॉ. पवन ने मामले पर संज्ञान लेते हुए संबंधित ठेकेदार से तत्काल जवाब तलब किया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मामले की जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डा. पवन ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।