बठिंडा जेल से रिहा हुए AAP विधायक पठानमाजरा: विरोधियों पर बरसे, कहा— 'जनता के लिए बड़ी कुर्बानी को हूँ तैयार, जल्द लूंगा बड़ा फैसला'
AAP MLA Pathanmajra Released from Bathinda Jail
बठिंडा। AAP MLA Pathanmajra Released from Bathinda Jail, आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा रविवार को केंद्रीय जेल बठिंडा से रिहा हो गए। जेल से बाहर आते ही उन्होंने अपने खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए और संकेत दिए कि आने वाले दिनों में उनकी राजनीतिक दिशा को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है।
उन्होंने किसी भी निर्णय से पहले अपने समर्थकों और विधानसभा क्षेत्र के लोगों से चर्चा करने की बात कही। रिहाई के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पठानमाजरा ने कहा कि उन्हें बेवजह परेशान किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मामलों में उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से उठाने के कारण उन्हें राजनीतिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि जनता की आवाज उठाना उनका कर्तव्य है और इसी जिम्मेदारी को निभाने की कीमत उन्हें चुकानी पड़ी।
राजनीति केवल पद तक सीमित नहीं
पठानमाजरा ने कहा कि यदि राज्य सरकार उनके विधानसभा क्षेत्र के विकास और लोगों की मांगों को पूरा करने के लिए गंभीरता से काम करती है तो वह क्षेत्र के हित में किसी भी प्रकार की कुर्बानी देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद या पार्टी का विषय नहीं, बल्कि लोगों की सेवा का माध्यम है।
पार्टी छोड़ने संबंधी सवाल पर उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया, लेकिन उनके बयान ने नई राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे दिया। उन्होंने कहा कि वह कोई भी फैसला अकेले नहीं लेंगे। पहले अपने समर्थकों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों से राय-मशविरा करेंगे, उसके बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।
उन्हें विशेष रूप से निशाना बनाया
विधायक ने दावा किया कि उनके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों में कोई मजबूत गवाह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल के भीतर भी उन्हें विशेष रूप से निशाना बनाया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाब और दिल्ली स्तर के पार्टी नेतृत्व की भूमिका को लेकर भी कई सवाल हैं, जिन पर वह उचित समय पर अपनी बात रखेंगे।
पठानमाजरा ने यह भी कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उनसे लगातार संपर्क कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने किसी दल का नाम नहीं लिया और कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपने समर्थकों से मुलाकात करने और आगे की स्थिति पर विचार करने पर है। रिहाई के बाद उन्होंने सबसे पहले अपने समर्थकों के साथ बाबा बुढ़ा साहिब में माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया।