AAP Gopal Italia Won: गुजरात में AAP ने BJP को हराया; उपचुनाव में जीत से गदगद केजरीवाल, दिल्ली चुनाव में हार के बाद खुशखबरी

गुजरात में AAP ने BJP को हराया; उपचुनाव में जीत से गदगद केजरीवाल, दिल्ली चुनाव में करारी हार के बाद आई बड़ी खुशखबरी

AAP Gopal Italia Won Visavadar Assembly By-Election 2025

AAP Gopal Italia Won Visavadar Assembly By-Election 2025

AAP Gopal Italia Won: दिल्ली विधानसभा चुनाव में बड़ी हार के बाद अब आम आदमी पार्टी के लिए खुशखबरी आई है। पार्टी ने गुजरात और पंजाब उपचुनाव में 1-1 सीट पर जीत दर्ज की है। पंजाब में जहां AAP ने लुधियाना वेस्ट सीट पर बड़े मार्जिन से जीत हासिल की तो वहीं गुजरात में विसावदर सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। 2022 के विधानसभा चुनाव में यह सीट आम आदमी पार्टी के पास ही आई थी। वहीं इस उपचुनाव में आप ने अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा था।

गोपाल इटालिया को 75,942 वोट मिले

विसावदर विधानसभा सीट पर आप उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने बीजेपी के कीरित पटेल को हराया है। गोपाल इटालिया को 75,942 वोट मिले। जबकि बीजेपी उम्मेदवार पटेल को 58,388 वोट ही हासिल हुए। इस तरह से इटालिया ने 17,554 वोटों के अंतर से बड़ी जीत हासिल की। वोटों की गिनती जब हो रही थी तो इस दौरान गोपाल इटालिया ने कुछ राउंड को छोड़कर पूरे 21 राउंड की मतगणना में ज्यादातर समय बढ़त बनाए रखी। तभी से ही गोपाल इटालिया की जीत तय मानी जा रही थी।

बीजेपी के गढ़ गुजरात में आप ने दिखाई ताकत

अहम बात ये है कि, बीजेपी के गढ़ गुजरात में आम आदमी पार्टी ने यह जीत हासिल की है। वो भी बीजेपी को ही हराकर। इसलिए गुजरात में आप की यह जीत इसलिए भी बड़ी है। इसके अलावा आप ने तब बाजी मार ली जब यहां बीजेपी सत्ता में है। यानि सत्तारूढ़ दल का पलड़ा भारी माना जाता है मगर उपचुनाव में बीजेपी के सत्ता में होने का प्रभाव नहीं चला और आप ने विसावदर में बीजेपी को कमल खिलाने से रोक दिया। हालांकि बीजेपी इस सीट पर 2007 से जीत के लिए तरस रही है। इस बार के विसावदर चुनाव में कुल 16 कैंडिडेट मैदान में थे।

उपचुनाव में जीत से गदगद केजरीवाल

गुजरात की विसावदर सीट और पंजाब की लुधियाना वेस्ट पर जीत हासिल होने से केजरीवाल गदगद दिख रहे हैं। केजरीवाल ने इस जीत के बाद प्रेस वार्ता की है। जिसमें उन्होंने कहा कि, विसावदर और लुधियाना में AAP की शानदार जीत जनता का दोहरा भरोसा है। दोनों जगह BJP-कांग्रेस ने मिलकर AAP को हराना चाहा, लेकिन जनता ने इन दोनों पार्टियों को ही हरा दिया। पंजाब हमारे काम से खुश है तो गुजरात बदलाव चाहता है। लोगों ने दोनों जगह इन दोनों पार्टियों को नकार दिया।

केजरीवाल ने कहा कि मैं विसावदर और लुधियाना पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर गुजरात और पंजाब के लोगों को बहुत बधाई देता हूं और उनका बहुत बहुत शुक्रिया अदा करता हूं। दोनों जगह पिछले चुनाव के मुक़ाबले लगभग दोगुने मार्जिन से जीत हुई है। केजरीवाल ने ये दिखाता है कि पंजाब के लोग हमारी सरकार के कामों से बहुत ख़ुश हैं और उन्होंने 2022 से भी ज़्यादा वोट दिया है। गुजरात की जनता अब बीजेपी से परेशान हो चुकी है और उन्हें आम आदमी पार्टी में उम्मीद दिखाई दे रही है।

भगवंत मान ने दी बधाई

पंजाब सीएम भगवंत मान ने भी इस जीत पर बधाई दी है। सीएम मान ने कहा कि, गुजरात के विसावदर विधानसभा हलके से पार्टी के युवा नेता गोपाल इटालिया को जीत की हार्दिक बधाई। यह जीत आम आदमी पार्टी गुजरात के वॉलंटियर्स के नाम है, जिन्होंने भाजपा की धक्केशाही के सामने डटकर मुकाबला किया। भाजपा की चालें अब बेनकाब हो चुकी हैं, लोगों ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया है। पूरे देश में अगर कोई पार्टी भाजपा को हराने का दम रखती है, तो वो आम आदमी पार्टी ही है। वह दिन दूर नहीं जब केजरीवाल जी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी का झंडा गुजरात में भी लहराएगा।

 

पंजाब में AAP की जीत; लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में संजीव अरोड़ा ने बाजी मारी, कांग्रेस को इतने वोटों से हराया, BJP का प्रदर्शन ठीक!