"श्रमिक का बच्चा अब श्रमिक नहीं, अधिकारी बनेगा": सीएम योगी ने की 5 लाख के मुफ्त स्वास्थ्य बीमा की घोषणा
"A worker's child will no longer be a worker, but an officer"
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिक दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा 'कमिश्नरी में एक-एक अटल आवासीय स्कूल बनवाया है। इसमें श्रमिकों के बच्चों को पढ़ाया जाएगा। अब श्रमिक का बच्चा श्रमिक नहीं रहेगा। वह भी पढ़-लिखकर अधिकारी बनेगा।'
सीएम योगी ने कहा, 'तीन करोड़ लोगों को एमएसएमई ने रोजगार दिया है। 65 लाख नए लोगों को राजगार मिला है। यूपी के अंदर बाहर के लोगों को भी रोजगार दे रहे हैं। श्रमिकों के लिए नए कदम उठाए जा रहे हैं। पहले श्रमिक अड्डे बनते थे। ठेकेदार पैसे नहीं देते थे। अब ऐसा नहीं है। काम का दाम न देने वालों का काम सरकार करेगी।'
उन्होंने कहा, 'श्रमिक के लिए डोरमेट्री, श्रमिकों के लिए सस्ती कैंटीन, अच्छा भोजन, अच्छे शौचालय, मनोरंजन के साधन भी जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे। पांच लाख तक का सालाना स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने जा रहे हैं।'
ग्रेनो नॉलेज पार्क में ईएसआईसी अस्पताल बनेगा। इसके लिए सात एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। गोरखपुर में भी ईएसआईसी अस्पताल की सुविधा होगी।
किसी के बहकावे में न आएं
सीएम योगी ने कहा, 'इंडस्ट्रियल श्रमिकों का भी वेतन बढ़ाया जाएगा। ये उद्योग को करना चाहिए लेकिन, सरकार ने उचित कदम उठाया। वहीं, सीएम योगी ने हिंसा पर कहा कि किसी के बहकावे में आकर ऐसा न करें।'
उन्होंने कहा, 'श्रमिक वेज पर काम तेज किया। नए वेज बोर्ड में सुनिश्चित होगा कि सभी 5 करोड़ श्रमिकों के परिवार को स्वास्थ्य बीमा से जोड़ेंगे। श्रमिक दुर्घटना बीमा का लाभ भी मिलेगा। नए वेज में बीमा कंपनी, श्रम और उद्योग विभाग मिलकर श्रमिकों को पांच लाख के श्रमिक सुरक्षा बीमा देंगे। दुर्घटना के समय श्रमिकों को मदद मिलेगी।'