लखनऊ में मौत का तांडव, कोचिंग सेंटर में भीषण आग; 15 लोगों की जिंदा जलकर मौत, ज्यादातर स्टूडेंट्स बताए जा रहे, CM योगी एक्टिव
Lucknow Coaching Institute Fire Tragedy 15 Dead In Horrific Incident
Lucknow Coaching Institute Fire: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मौत का तांडव देखने को मिला है। यहां सोमवार दोपहर अलीगंज इलाके में स्थित एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बिल्डिंग में कोचिंग सेंटर चलाया जा रहा था। बिल्डिंग में लगी आग इतनी विकराल और भयानक थी की इस घटना में 15 लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कई अन्य घायल हो गए। शवों को बिल्डिंग से निकाला गया है। मरने वालों में ज्यादातर स्टूडेंट्स बताए जा रहे हैं। बिल्डिंग में लगी आग पर फिलहाल काबू पा लिया गया है। दमकल की कई गाड़ियों ने आग बुझाने में जद्दोजहद की।
जब आग लगी, तब का वीडियो
जान बचाने के लिए छटपटाते रहे
बिल्डिंग में लगी आग इतनी तेजी से फैली की अंदर मौजूद लोग वहीं फंसकर रह गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोई जान बचाने के लिए नीचे कूदा तो कोई बिल्डिंग के अंदर ही जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता रहा। लेकिन आग की लपटों की चपेट में पूरी बिल्डिंग आ चुकी थी। आग के बीच लोग जान बचाने के लिए छटपटाते रहे लेकिन जान नहीं बच सकी और 14 लोगों की मौत हो गई। मौत का ये आंकड़ा अभी बढ़ भी सकता है। मौके पर तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन का कार्य किया गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। आग की घटना के बाद खुद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और अन्य अधिकारी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर मौजूद रहे।
CM योगी घटना वाली जगह पहुंचे
आग लगने की घटना और लोगों की मौत की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तुरंत एक्टिव मोड में नजर आए हैं। जिस वक्त घटना हुई, वह अलीगढ़ एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर उन्होंने तुरंत सम्बोधन बीच में छोड़ा और लखनऊ की ओर रवाना हो गए। लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उस जगह का जायजा लिया है, जहाँ आग लगने की घटना हुई और घटना में 15 लोगों की मौत हो गई। वहीं घटनास्थल का जायजा लेने के बाद सीएम योगी किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचे। जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज के संबंध में बातचीत की।
योगी ने DGP और ACS गृह से रिपोर्ट मांगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे प्रभावित परिवारों से संपर्क करें और हर संभव मदद दें और घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करें। किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि आग लगने की घटना में कुछ बच्चे चपेट में आए हैं और आग के कारण उनकी दुखद मौत हो गई है. इस पूरे मामले के लिए मैंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, अपर प्रमुख सचिव (गृह) को कहा है कि वह स्वयं मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि इस मामले के दोषियों का पता चल सके और उन्हें सजा दी जा सके।
डिप्टी सीएम ने कहा- बिना नरमी के सख्त कार्रवाई होगी
आग लगने की घटना पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, घटना बहुत दुखद है, 15 बच्चे हताहत हुए हैं। रात में पोस्टमार्टम की व्यवस्था की जा रही है। टीमें बना दी गई है। घायलों का अच्छे से इलाज हो रहा है। हमने स्वयं घायलों से बात की है। घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हमारी प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराना है। घटना कैसे और क्यों हुई, इसका पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। अधिकारियों ने घटनास्थल पर तलाशी अभियान पूरा कर लिया है और पुष्टि की है कि अब कोई बच्चा वहां फंसा नहीं है। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी नरमी के सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने पीड़ित परिवारों को पूरा समर्थन देने की बात दोहराई है और कहा है कि उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख
वाकई लखनऊ की यह घटना एक बड़ी त्रासदी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आग लगने की घटना पर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ''लखनऊ में आग लगने की भीषण घटना में अनेक लोगों की मौत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और साथ ही घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करती हूं।'' राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख जताया है।
PM मोदी ने 2-2 लाख रुपये देने का किया ऐलान
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई 15 मौतों पर प्रधानमंत्री मोदी ने गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। पीएम मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक व्यक्त किया। राजनाथ सिंह ने कहा, ''लखनऊ में आग लगने की यह वाकई बहुत दुखद घटना है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने कुछ प्रशासनिक अधिकारियों से बात की है और हालात का जायजा लेने के लिए मैं तुरंत लखनऊ जा रहा हूं।"