मोहाली के शिव मंदिर से गोलक चोरी का खुलासा:दो आरोपी गिरफ्तार, 19,500 रुपये नकद 

Theft of donation box from Mohali Shiv Mandir

Theft of donation box from Mohali's Shiv Mandir

मोहाली की ढकोली थाना पुलिस ने शिव मंदिर से दान पत्र चोर के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई दो दान पात्र, 19,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल थ्री-व्हीलर बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि गांव ढकोली निवासी गुरमीत सिंह की शिकायत पर 20 जून को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि 17 जून की सुबह दो अज्ञात व्यक्तियों ने ढकोली के शिव मंदिर से दो गोलकें चुरा ली थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच अधिकारी एएसआई मेवा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया इस दौरान गुरविंदर सिंह उर्फ गग्गी (पुत्र स्वर्गीय सोहन सिंह) और रजत (पुत्र धर्मवीर), दोनों निवासी गुरु नानक कॉलोनी, जगतपुरा (एसएएस नगर) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों गोलकें, उनसे निकाली गई 19,500 रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल थ्री-व्हीलर बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-31 में एक्साइज एक्ट, सेक्टर-32 के मंदिर में गोलक चोरी, सेक्टर-39 में ऑटो चोरी और खरड़ सिटी थाना क्षेत्र में मंदिर से गोलक चोरी के मामले पहले भी दर्ज हैं।