राजस्थान विधानसभा: बजट सत्र 2026 के अंतिम दिन विधायी कार्यों और चर्चाओं का महासंगम
A grand gathering of legislative work and discussions
Rajasthan Vidhan Sabha: राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र 2026 का आज आखिरी दिन है. प्रश्नकाल और शून्यकाल के बाद सदन में विधायी कार्य होंगे. सदन में महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय 2025 और राजस्थान नगर पालिका (संशोधन) 2026 विधेयक पारित होंगे. सदन में तीन पूर्व सदस्यों हेमसिंह भड़ाना, रामलाल मेघवाल और हेतराम बेनीवाल की स्मृति में शोकाभिव्यक्ति होगी. ध्यानाकर्षण प्रस्ताव में सरिस्का टाइगर रिजर्व, सादुलशहर की ग्राम सेवा सहकारी समिति, जैसलमेर सोलर परियोजनाओं और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से संबंधित मुद्दों को उठाया जाएगा.
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चन्द बैरवा 11 विश्वविद्यालयों का वार्षिक प्रतिवेदन सदन में रखेंगे. याचिका और सदाचार समिति, जल संसाधन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से प्राप्त समिति प्रतिवेदन भी पेश होंगे. सदन में विधायकों द्वारा विभिन्न याचिकाओं जैसे ट्यूबवेल स्वीकृति, ऑडिटोरियम निर्माण और महिला महाविद्यालय परिसर सुधार की मांगें भी पेश की जाएंगी. बजट सत्र के अंतिम दिन भाजपा विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सुबह दस बजे हॉल में होगी.
बजट सत्र का आज है आखिरी दिन
राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र 2026 का आज अंतिम कार्य दिवस है. प्रश्नकाल और शून्यकाल के बाद सदन में विधायी कार्य होंगे. सदन से महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय, जयपुर विधेयक 2025 और राजस्थान नगरपालिका (संशोधन) विधेयक 2026 चर्चा के बाद पारित किए जाएंगे. अंतिम दिन कई ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, याचिकाएं और वार्षिक प्रतिवेदन भी सदन में पेश होंगे.
प्रश्नकाल में इन विभागों पर सवाल
विधानसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी. तारांकित प्रश्नों की सूची में 22 और अतारांकित प्रश्नों की सूची में 23 प्रश्न शामिल हैं. मुख्यमंत्री से जुड़े विभागों, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के विभागों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, संसदीय कार्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पशुपालन और वन विभाग से संबंधित मुद्दों पर सदन में सवाल-जवाब होंगे.
सदन में तीन पूर्व विधायकों के निधन पर शोकाभिव्यक्ति
विधानसभा में आज तीन पूर्व विधायकों के निधन पर शोकाभिव्यक्ति की जाएगी. पूर्व सदस्य हेमसिंह भड़ाना, रामलाल मेघवाल और हेतराम बेनीवाल को श्रद्धांजलि दी जाएगी. सदन में उनके योगदान को याद करते हुए सभी सदस्य मौन रखकर सम्मान प्रकट करेंगे.
सरिस्का मुद्दे पर लाया जाएगा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
विधायक कान्ति प्रसाद सदन में सरिस्का टाइगर रिजर्व अभ्यारण्य के लगातार विस्तार से प्रभावित ग्रामीण आबादी और पशुधन से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा उठाएंगे. वे वन राज्य मंत्री का ध्यान इस विषय की ओर आकर्षित करेंगे और प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग करेंगे.
सहकारी समिति में गबन के मुद्दे पर हंगामे का आसार
विधायक गुरवीर सिंह सादुलशहर की ग्राम सेवा सहकारी समिति खाटसजवार में कथित गबन और भारी अनियमितताओं के मामले को सदन में उठाएंगे. वे ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए सहकारिता राज्य मंत्री का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित करेंगे.
जैसलमेर सोलर परियोजना पर भी होंगे सवाल
विधायक छोटूसिंह जैसलमेर जिले में सोलर परियोजनाओं के लिए अनियोजित भूमि आवंटन का मुद्दा सदन में उठाएंगे. उनका कहना है कि इससे स्थानीय लोगों, पर्यावरण और सामाजिक व्यवस्था पर असर पड़ा है. वे इस मामले में राजस्व मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे.
एसीबी मामलों पर लाया जाएगा ध्यानाकर्षण
विधायक मनोज कुमार भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा कुछ एफआईआर में एफआर लगाने के मामलों को लेकर सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे. वे इस मुद्दे पर गृह राज्य मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए स्थिति स्पष्ट करने की मांग करेंगे.
विश्वविद्यालयों के वार्षिक प्रतिवेदन पर होगी चर्चा
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा विधानसभा में 11 विश्वविद्यालयों के वार्षिक प्रतिवेदन पेश करेंगे. इनमें शेखावाटी विश्वविद्यालय, गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, मत्स्य विश्वविद्यालय, डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय, कोटा विश्वविद्यालय, एमबीएम विश्वविद्यालय, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, बृज विश्वविद्यालय, एमडीएस विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय शामिल हैं.
समिति के प्रतिवेदन भी किए जाएंगे पेश
सदन में याचिका एवं सदाचार समिति के सभापति कैलाशचंद वर्मा विभिन्न विभागों से संबंधित प्रतिवेदन पेश करेंगे. इनमें स्वायत्त शासन विभाग, जल संसाधन विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग से जुड़ी याचिकाओं के संबंध में तेरहवां, चौदहवां और पंद्रहवां प्रतिवेदन शामिल हैं.
सदन में याचिकाएं भी लाई जाएगी
विधायक रविंद्र सिंह भाटी पूनमाणी राईकों की ढाणी ऑटा सिमाणी में नए ट्यूबवेल की स्वीकृति की मांग को लेकर याचिका पेश करेंगे. वहीं विधायक बाबूसिंह राठौड़ शेरगढ़ के लोड़ता हरिदासोता में कृषि महाविद्यालय स्वीकृत करवाने के संबंध में याचिका लगाएंगे.
अजमेर दक्षिण से जुड़ी याचिकाएं भी लाई जाएगी
विधायक अनीता भदेल अजमेर दक्षिण से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर सदन में याचिकाएं पेश करेंगी. इनमें सुविधायुक्त ऑडिटोरियम हॉल निर्माण, महिला अभियांत्रिकी महाविद्यालय परिसर में नाला निर्माण, कल्याणीपुरा में वाल्मीकि समाज के लिए स्नानघर निर्माण और महिला आईटीआई में गर्ल्स कॉमन रूम व टॉयलेट निर्माण की मांग शामिल है.
भाजपा विधायक दल की होगी बैठक
बजट सत्र के अंतिम दिन भाजपा विधायक दल की बैठक भी आयोजित होगी. बैठक विधानसभा में सुबह 10 बजे पक्ष लॉबी में होगी. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सत्र के अंतिम दिन की रणनीति और सदन की कार्यवाही को लेकर चर्चा की जाएगी.