आजमगढ़ में सीएम योगी का बड़ा बयान, महाराजा सुहेलदेव का जिक्र कर दिया राजनीतिक संदेश
CM Yogi makes a major statement in Azamgarh
लखनऊ: CM Yogi makes a major statement in Azamgarh, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आजमगढ़ पहुंचे. एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने महाराजा सुहेलदेव का जिक्र कर इशारों ही इशारों में ओवैसी के दौरे से पहले खास संदेश दिया. उन्होंने कहा कि महराज सुहेलदेव जैसे भारत के अमर सेनानी राष्ट्रनायक ने विदेशी आक्रांताओं को नेस्तनाबूद किया. विदेशी आक्रांता महाराजा सुहेलदेव के डर की वजह से भारत की धरती पर कदम नहीं रखते थे. हम एक बार फिर जाति, क्षेत्र, भाषा, परिवारवाद के नाम पर बंटने लगे हैं.
हमको बांटने वाले आपके हितैषी नही
सीएम योगी ने कहा कि हम सबका यही दर्द है. जिन लोगों ने हमको बांटा था वो बार-बार आपका समर्थन पाते थे. वे आपके हितैषी नहीं हैं. उन्होंने कहा कि बहराइच में नेजा मेले का आयोजन आक्रांता सालार मसूद के नाम पर होता था, हम लोगों ने कहा कि गाजी के नाम पर नहीं बल्कि महराजा सुहेलदेव के नाम पर इसका आयोजन होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ जिसका गौरवशाली इतिहास रहा हो. साहित्यिक साधना का केंद्रबिंदु रहा हो, देश की आज़ादी के आंदोलन में बढ़ चढ कर हिस्सा लिया हो, जहां ऊर्जावान युवा हों, वह जनपद पहचान का मोहताज क्यो हो गया. यही सवाल लेकर मैं बार बार आजमगढ़ आता हूं.
आजमगढ़ 2017 से पहले पहचान का मोहताज था
यूपी सीएम ने कहा कि 2017 के पहले के आजमगढ़ को याद कीजिए जो अपनी पहचान के लिए मोहताज था. तब यहां न विश्वविद्यालय था, न पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे था, न एयरपोर्ट ठीक ढंग से काम कर पा रहा था, न हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय था, तब आजमगढ़ की साड़ी को भी कोई मंच नहीं मिल पा रहा था और मुबारकपुर की ब्लैक पॉटरी के लिए भी कोई जगह नहीं थी. लेकिन आज ब्लैक पॉटरी से जुड़े कारीगर बहुत खुश हैं. उन्होंने मुझसे कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार आई है, हमारा कारोबार कई गुना बढ़ा है.
सीएम योगी ने आजमगढ़ का जिक्र करते हुए पूछा कि ये वह जिला है, जहां पर हस्तशिल्प है, कारीगर हैं, अन्नदाता किसान हैं, ऊर्जावान युवा हैं, उस जनपद के सामने पहचान का संकट क्यों खड़ा हुआ.
राजभर के बेटे ने ओवैसी पर बोला हमला
बता दें कि यूपी के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बेटे और सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने असदुद्दीन ओवैसी के यूपी दौरे को लेकर चेतावनी दी है. डॉ अरविंद राजभर ने कहा कि सैयद सालार मसूद गाजी की मजार पर अगर ओवैसी चादर चढ़ाएंगे तो महाराजा सुहेलदेव के वंशज चुप नहीं बैठेंगे. उन्होंने कहा कि बहराइच की धरती मसूद गाजी के पराजय की है. ओवैसी ने चुनाव अभियान की शुरुआत पराजय की धरती से की है, इसलिए उनका क्या हश्र होगा ये वो समझ सकते हैं.अरविंद राजभर ने कहा कि ओवैसी के चुनाव लड़ने से हमें कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन मसूद गाजी जैसों की मज़ार पर हम उनको चादर नहीं चढ़ाने देंगे.