यूपी के 434 विशेष शिक्षक होंगे नियमित: ₹62,500 मिलेगा वेतन, दिव्यांग बच्चों के लिए लागू होंगे नए मानक

यूपी के 434 विशेष शिक्षक होंगे नियमित: ₹62,500 मिलेगा वेतन, दिव्यांग बच्चों के लिए लागू होंगे नए मानक

434 Special Educators in UP to be Regularized

434 Special Educators in UP to be Regularized

लखनऊ। प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद परिषदीय विद्यालयों में 434 विशेष शिक्षकों (स्पेशल एजुकेटर्स) की नियुक्ति को स्वीकृति दे दी है। अब इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इससे अभी तक संविदा पर कार्यरत विशेष शिक्षक नियमित हो जाएंगे। उन्हें 62,500 रुपये वेतन हो जाएगा।

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बेसिक शिक्षा निदेशक को निर्देश दिया है कि नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी कर इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाए। भर्ती से पहले स्क्रीनिंग समिति ने 540 अभ्यर्थियों को योग्य माना था।

इनमें से 434 अभ्यर्थियों का चयन अंतिम रूप से किया गया है। ये सभी पहले से परिषदीय स्कूलों में संविदा पर कार्य कर रहे थे और इनके पास आवश्यक शैक्षणिक योग्यता भी है। दरअसल, रजनीश कुमार पांडेय और अन्य के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि सामान्य स्कूलों में भी दिव्यांग बच्चों के लिए प्रशिक्षित विशेष शिक्षक होना जरूरी है।

कोर्ट ने यह भी तय किया कि गंभीर दिव्यांग बच्चों के लिए एक शिक्षक पर पांच छात्र (1:5) और अन्य मामलों में आठ छात्र (1:8) का अनुपात होना चाहिए।

इन पदों पर नियुक्ति के लिए भारतीय पुनर्वास परिषद से मान्यता प्राप्त डिग्री या डिप्लोमा होना जरूरी है। साथ ही, जरूरत के अनुसार आगे और विशेष शिक्षकों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे।