रांची में सनसनीखेज वारदात: युवक की आंख में गोली मारने का मामला, इलाज के बाद रोशनी गई
Youth Shot in the Eye; Loses Sight Following Treatment
रांची। चुटिया थाना क्षेत्र में युवक की आंख में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घटना करीब दो माह पुरानी बताई जा रही है, लेकिन पीड़ित की आंख की रोशनी चले जाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और अब प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गोसाई टोली निवासी इंदर कुमार महतो ने चुटिया थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि 26 मार्च की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे राजा कुमार ने उनके घर के सामने बिना किसी कारण के उन पर गोली चला दी। गोली उनकी बाईं आंख में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के बावजूद उनकी बाईं आंख की रोशनी चली गई
घटना के बाद घरवालों ने उन्हें इलाज के लिए कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल और बाद में सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित का कहना है कि इलाज के बावजूद उनकी बाईं आंख की रोशनी चली गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपित राजा कुमार और उसके पिता धनेश्वर महतो लगातार उन्हें मामला दर्ज नहीं कराने के लिए बहलाते और दबाव बनाते रहे। साथ ही उनकी तबीयत भी लगातार खराब थी, जिस कारण प्राथमिकी दर्ज कराने में देरी हुई।
इंदर कुमार महतो ने पुलिस को दिए आवेदन में अपनी जान-माल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि आरोपित खुलेआम घूम रहा है, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। मामले में चुटिया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना पुरानी होने के बावजूद मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।