संभल में 55 फीट ऊंची मस्जिद पर चला योगी सरकार का बुलडोजर, अंदर मिले 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर

संभल में 55 फीट ऊंची मस्जिद पर चला योगी सरकार का बुलडोजर, अंदर मिले 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर

Bulldozer used on a Mosque in Sambhal

Bulldozer used on a Mosque in Sambhal

Bulldozer used on a Mosque in Sambhal: यूपी के संभल में शनिवार को कब्रिस्तान भूमि पर बनी मुस्तफा कादरी मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। दोपहर दो बजे चार थानों के पुलिस फोर्स व पीएसी के साथ डीएम-एसपी अधीनस्थ अफसरों के साथ गांव पहुंचे। वहां गाटा संख्या 409 कब्रिस्तान की करीब 1200 वर्ग मीटर भूमि में से 120 वर्ग मीटर भूमि जिस पर मस्जिद का निर्माण था, उस पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देर शाम आठ बजे तक कार्रवाई जारी रही।

मस्जिद के 60 प्रतिशत हिस्से को जमींदोज किया गया। जवानों की मौजूदगी में पहले मस्जिद के अगले हिस्से और पिलर को गिराया गया। फिर 55 फीट ऊंची मीनार को हाइड्रा मशीन से गिराने की कार्रवाई की गई। मस्जिद की पहली मंजिल से आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर और हरे रंग का झंडा भी मिला। पुलिस जांच कर रही है कि पोस्टर व झंडा किसने रखा था।

डीएम अंकित खंडेलवाल और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई की मौजूदगी में शनिवार को राजस्व विभाग की टीम दो बुलडोजर, एक हाइड्रा, दो डंपर, पांच ट्रैक्टर ट्राली के अलावा 20 से अधिक सफाई कर्मियों के साथ गांव कसेरवा पहुंची। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल, तीन राजस्व निरीक्षक और 10 लेखपालों की टीम के साथ ही चार थानों की पुलिस और पीएसी के जवानों की मौजूदगी में बुलडोजर ने मस्जिद को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।

बुलडोजर कार्रवाई से पहले लोगों ने मस्जिद में नमाज भी अदा की। टीम ने पहले शीशे और गेट को हटवाया। उसके बाद आसपास के घरों को खाली कराया। राजस्व अभिलेखों के अनुसार गाटा संख्या 409 कब्रिस्तान की भूमि है। वहीं प्रशासन का दावा है कि इसी भूमि पर मस्जिद का निर्माण किया गया। कब्रिस्तान की भूमि सुरक्षित कराने के लिए हुई शिकायत की जांच करने पर भूमि पर मस्जिद बनाकर कब्जा पाया गया।

तहसीलदार न्यायालय में धारा 67 के तहत मामले में सुनवाई हुई। मस्जिद कमेटी को अपना पक्ष रखने के लिए मौका दिया, लेकिन कोई ऐसा दस्तावेज या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। जिससे यह साबित हो सके कि मस्जिद निजी भूमि पर बनी है। 21 अप्रैल को तहसीलदार न्यायालय से मस्जिद कमेटी के खिलाफ बेदखली का आदेश दिया गया। मस्जिद कमेटी ने डीएम न्यायालय में अपील की लेकिन स्टे या आदेश रोकने का कोई फैसला नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई को आगे बढ़ाया। देर शाम करीब 8 बजे तक बुलडोजर कार्रवाई चली।

60 फीसदी जमींदोज

देर शाम तक मस्जिद के करीब 60 प्रतिशत हिस्से को जमींदोज किया गया। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि मस्जिद से मिले आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर व झंडे की जांच की जा रही है कि वह किसने रखा। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। मस्जिद के करीब 60 प्रतिशत हिस्से को गिराया गया है। शेष कार्रवाई रविवार को जारी रहेगा।