"सिंगापुर में योगी आदित्यनाथ ने भारतीय मूल समुदाय को प्रेरित किया, ‘भारत में जन्म गर्व की बात’ कहा"

"सिंगापुर में योगी आदित्यनाथ ने भारतीय मूल समुदाय को प्रेरित किया, ‘भारत में जन्म गर्व की बात’ कहा"

Yogi Adityanath inspires Indian-origin community in Singapore

Yogi Adityanath inspires Indian-origin community in Singapore

Yogi Adityanath inspires Indian-origin community in Singapore : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर दौरे के दौरान सोमवार को भारतीय मूल के लोगों को संबोधित किया। योगी-योगी के नारों के बीच उन्होंने लोगों को भारत और भारतीयता से परिचित कराया।

“भगवा परिधान” में सनातन संस्कृति की विदेश में अलख जगा रहे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माता और मातृभूमि का कर्ज बना रहता है। पहली बार विदेश दौरे पर भगवा वस्त्र पहनकर जाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर दौरे में अपना परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि भारत में जन्म लेना गर्व की बात है।

भारत के बारे में 5,000 वर्ष पहले हमारे एक ऋषि ने कहा था कि दुर्लभं भारते जन्म मानुष्यं तत्र दुर्लभम्, यानी भारत में जन्म लेना दुर्लभ है और उसमें भी मनुष्य के रूप में जन्म लेना…। आप सबको इस बात पर गर्व की अनुभूति होगी कि आपने या आपके किसी पूर्वज ने भारत की धरती पर जन्म लिया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारा दायित्व है कि जिस धरती पर हम रहते हैं, उस धरती के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारीपूर्वक करें। इसके साथ ही जिस मातृभूमि से हमारे पूर्वजों का संबंध रहा है, उसके प्रति भी अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए सदैव डटकर कार्य करें तो सचमुच इससे एक नई प्रेरणा प्राप्त होगी। हम सबको इस बात पर गर्व की अनुभूति होती है कि 'नया भारत' आज दुनिया के अंदर अपनी ताकत दिखा रहा है। नए भारत पर हर भारतवासी को गर्व की अनुभूति होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिल्ली में AI Impact Summit में शामिल होने वाले सौ से अधिक देशों ने भारत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। नोएडा में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन रहा है और नौ वर्ष में यूपी की अर्थव्यवस्था तीन गुणा हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य है। इसको विकास की पटरी पर सरपट दौड़ाने के लिए हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से भेदभाव करने वाले प्रयागराज में कुंभ और माघ मेला के दौरान संगम पर होने वाली भीड़ को देख लें।

इससे पहले सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए उनका औपचारिक स्वागत किया है। प्रधानमंत्री वोंग ने सोशल मीडिया पर कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की तीसरी सबसे बड़ी राज्य अर्थव्यवस्था है और देश के सबसे तेज़ी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल है।

सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि सिंगापुर की कंपनियां पहले से ही उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स, कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश कर रही हैं। दोनों नेताओं के बीच आर्थिक सहयोग और निवेश संबंधों को और मजबूत करने पर सकारात्मक चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को उत्पादक बताते हुए उम्मीद जताई कि भारत-सिंगापुर और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश-सिंगापुर के बीच व्यापार और निवेश संबंध आने वाले समय में और गहरे होंगे।