पंजाब यूनिवर्सिटी में करंट से PhD स्कॉलर युवती की मौत; गर्ल्स हॉस्टल से आते हुए अचानक हादसा, चंडीगढ़ पुलिस जांच में जुटी
Punjab University PhD Scholar Girl Dies Due To Electrocution
PU PhD Scholar Girl Dies: चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक PhD स्कॉलर युवती की अचानक करंट लगने से मौत हो गई. जिसके बाद पीयू परिसर में हड़कंप मच गया और शोक की लहर दौड़ गई. मिली जानकारी के मुताबिक मृतक युवती की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी जिले की रहने वाली ज्योति (करीब 26 साल) के रूप में हुई है. पुलिस ने ज्योति के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और आगामी जांच व कार्रवाई की जा रही है. ज्योति के परिवार को भी यह दुखद सूचना दे दी गई है.
गर्ल्स हॉस्टल से आते हुए अचानक हादसा
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह 9 बजे के आसपास ज्योति गर्ल्स हॉस्टल नंबर-10 से निकलकर माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर पैदल आ रही थी. इसी बीच एक कच्चे रास्ते पर ज्योति का अचानक पैर फिसला और उसे करंट लगा. ज्योति जमीन पर गिर गई. यह देखकर आसपास मौजूद लोग उसकी तरफ दौड़े. ज्योति की जान बचाने के लिए उसे आनन-फानन में सेक्टर-16 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमएच-16) पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने ज्योति को मृत घोषित कर दिया. अफ़सोस कि ज्योति की जान नहीं बचाई जा सकी.
ज्योति की मौत से पंजाब यूनिवर्सिटी में रोष का माहौल
इस दुखद हादसे के बाद पंजाब यूनिवर्सिटी में एक तरफ जहां शोक की लहर है तो वहीं दूसरी ओर स्टूडेंट्स के बीच रोष का माहौल बन गया है. पीयू प्रशासन पर लापरवाही बरतने और पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. ज्योति की जान जाने से नाराज स्टूडेंट्स ने पीयू प्रशासन का घेराव किया है और नारेबाजी की गई है. ABVP ने पीयू वीसी का इस्तीफा मांगा और कहा कि अब जांच करने और बयानबाजी से किसी की बेटी वापस नहीं आ जायेगी. जिसकी जान पीयू प्रबंधन की लापरवाही से चली गई है.
स्टूडेंट्स का कहना है कि परिसर में विद्युत सुरक्षा और आधारभूत ढांचे के रखरखाव को लेकर की गई लापरवाही के चलते खुली फैली नंगी तारों से करंट फैला और यह हादसा हुआ. जिसके लिए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. फिलहाल हादसे के बाद मौके पर पहुँची स्थानीय पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है. करंट कैसे फैला और ज्योति किस तरह इसकी चपेट में आई. इसकी जांच हो रही है. पुलिस के साथ जांच में पीयू प्रशासन भी सहयोग कर रहा है. यह पता लगाया जा रहा है कि करंट किस स्रोत से फैला और क्या वास्तव में परिसर के अन्दर विद्युत व्यवस्था में लापरवाही की गई?
